सीडीएलयू सिरसा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आज
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में 23 जनवरी शुक्रवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती (पराक्रम दिवस) के उपलक्ष्य में युवा कल्याण निदेशालय द्वारा विश्वविद्यालय के सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए युवा कल्याण निदेशक डॉ मंजू नेहरा ने बताया कि इस अवसर पर जाने-माने शिक्षाविद सेवानिवृत्त प्रोफेसर सीता राम व्यास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार करेंगे।
उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा द्वारा 12 जनवरी 2026 से 23 जनवरी 2026 तक युवा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसका समापन नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती (पराक्रम दिवस) के साथ किया जाएगा।
कार्यक्रम में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के राष्ट्र निर्माण में योगदान, उनके अदम्य साहस, नेतृत्व क्षमता और युवाओं के लिए प्रेरणादायी विचारों पर प्रकाश डाला जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय चेतना, कर्तव्यबोध और पराक्रम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना है।
