सिरसा की होनहार मुक्केबाज वंशिका ने नैशनल यूथ चैंपियनशिप में जीता रजत पदक
mahendra india news, new delhi
गुवाहाटी (असम) में आयोजित नैशनल यूथ चैंपियनशिप 2026 में सिरसा की होनहार मुक्केबाज वंशिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि के साथ ही वंशिका का चयन इंडिया कैंप के लिए भी हो गया है और उन्होंने खेलो इंडिया गेम्स में भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
सिरसा के सीनियर बॉक्सिंग कोच राहुल शर्मा ने खुशी जाहिर करते हुए बताया कि वंशिका मूल रूप से सिरसा जिले के गांव भरोखा की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि वंशिका ने मुक्केबाजी की अपनी प्रारंभिक और बेसिक शिक्षा गुरुग्राम में कोच विजय गॉड से प्राप्त की। विजय गॉड की देखरेख में अपनी नींव मजबूत करने के बाद, अब वह भिवानी में द्रोणाचार्य अवार्डी कोच जगदीश सिंह के मार्गदर्शन में अपनी ट्रेनिंग ले रही हैं।
कोच राहुल शर्मा ने इसे सिरसा और पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि हमारे बच्चे खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं और देश व जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। कम उम्र में हासिल की गई यह सफलता वंशिका की कड़ी मेहनत और जुनून का प्रमाण है। पूरा खेल जगत वंशिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और उम्मीद करता है कि वह अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी भारत का नाम रोशन करेंगी।
