home page

जॉब सिक्योरिटी एक्ट की अवहेलना व अधिकारियों की मनमानी पर किया प्रदर्शन

 | 
Protest against disregard of Job Security Act and arbitrariness of officials

Mahendra india news, new delhi
 जॉब सिक्योरिटी एक्ट-2024 की अवहेलना और अधिकारियों की मनमानी के खिलाफ  अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ, हरियाणा से जुड़े कर्मचारियों ने रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश महासचिव जीवन ठाकुर ने की। उन्होंने कहा कि एक्ट के अंतर्गत अनुबंधित विद्युत कर्मचारियों का डाटा 31 जनवरी 2026 तक पोर्टल पर अपलोड किया जाना अनिवार्य है।


इस प्रक्रिया के तहत कर्मचारियों के अनुभव प्रमाण पत्र, वेतनमान, संबंधित ठेकेदार का विवरण एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज सब एक्सईएन स्तर से उपलब्ध करवाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि दुर्भाग्यवश सिटी एक्सईएन, सब अर्बन एक्सईएन सिरसा एवं एसई सिरसा द्वारा इस अत्यंत गंभीर विषय को जानबूझकर नजरअंदाज किया जा रहा है,

जिससे सैकड़ों अनुबंधित विद्युत कर्मचारियों का भविष्य अधर में लटक गया है और उन्हें जॉब सिक्योरिटी एक्ट-2024 के लाभ से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है। जब अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा (संबंधित भारतीय मजदूर संघ) का प्रतिनिधिमंडल अपनी वैधानिक मांगों को लेकर संबंधित एक्सईएन, अधिकारियों से मिला तो समस्याओं के समाधान के बजाय संगठन के पदाधिकारियों के साथ दुव्र्यवहार किया गया व तानाशाह रवैया अपनाया, जो न केवल प्रशासनिक गरिमा के विरुद्ध है, बल्कि श्रमिकों के सम्मान पर सीधा प्रहार है। इतना ही नहीं, एसई सिरसा द्वारा भी किसी एक्सईएन को कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान हेतु जिम्मेदारी न सौंपना, कोई समिति गठित न करना,

WhatsApp Group Join Now


कार्यालय खोलकर कर्मचारियों के कार्य न करवाना तथा संगठन के उच्च पदाधिकारियों के फोन तक न उठाना, यह स्पष्ट करता है कि अनुबंधित कर्मचारियों की समस्याओं को जानबूझकर दबाने का प्रयास किया जा रहा है। इन्हीं परिस्थितियों के विरोध में एसई कार्यालय, सिटी एक्सईएन कार्यालय के समक्ष अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा द्वारा जोरदार रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की सूचना के बाद लगभग दोपहर 3 बजे संघ के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता हेतु बुलाया गया। उपायुक्त ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, समझा तथा तत्काल प्रभाव से एसई सिरसा को निर्देश दिए कि सभी अनुबंधित कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए और जॉब सिक्योरिटी एक्ट-2024 के अंतर्गत डाटा अपलोड प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

संघ स्पष्ट शब्दों में चेतावनी देता है कि  यदि निर्धारित समय-सीमा में कर्मचारियों का डाटा पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया, यदि आवश्यक दस्तावेज तुरंत उपलब्ध नहीं करवाए गए तथा संगठन के पदाधिकारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित नहीं किया गया तो आंदोलन को राज्यव्यापी स्तर पर और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों एवं शासन-प्रशासन की होगी। यह आंदोलन केवल अधिकारों की मांग नहीं, बल्कि श्रमिक सम्मान और भविष्य की सुरक्षा की लड़ाई है, जो अंतिम समाधान तक जारी रहेगी।


आज के इस रोष प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जसवंत सिंह, भारतीय मजदूर संघ के जिला कोषाध्यक्ष नरेश जांगड़ा, संघ के जिला उपाध्यक्ष हवा सिंह, सुरेन्द्र भोभिया, जिला सलाहकार रविन्द्रनाथ, सह-कोषाध्यक्ष सरजीत बैनीवाल, प्रैस सचिव बलजीत सिंह, कार्यकारिणी सदस्य जय सिंह नैन सहित सिटी एवंं सब अर्बन की सभी सब-डिवीजऩों के पदाधिकारी और लगभग 200 अनुबंधित विद्युत कर्मचारी साथी उपस्थित रहे।