आईपीएल में आज पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला, हेड-अभिषेक पर सबकी नजरें
आईपीएल 2026 में एक से बढक़र एक मुकाबले हो रहे हैं। 19वें सीजन में आज शनिवार को पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमों का मुकाबला होने जा रहा है। दोनों टीमों के बीच मुकाबला मुल्लांपुर के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होगा। आपको बता दें कि दोनों टीमों का यह चौथा लीग मुकाबला होगा। पंजाब किंग्स की टीम अभी तक टूर्नामेंट में कोई मुकाबला नहीं हारी है। टीम ने 3 मुकाबले खेले हैं जिनमें 2 में जीत मिली है जबकि केकेआर के खिलाफ पिछला मुकाबला बारिश में धुल गया था। पंजाब टीम ऐसे में जीत की लय बरकरार रखने पर होगी।
वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद ने 3 में से 2 मुकाबले गवाएं हैं और एक ही में उन्हें जीत मिली है। सनराइजर्स हैदराबाद अपना पिछला मैच हारकर चंडीगढ़ पहुंची है। पिछले मुकाबले में टीम को लखनऊ सुपरजायंट्स ने 5 रनों से शिकस्त दी थी। ऐसे में सनराइजर्स हैदराबाद अपनी दूसरी जीत तलाश रही है।
आपको बता दें कि आईपीएल में सनराइजर्स हैदरबाद इस समय अंक तालिका में 6 नंबर पर है जबकि पंजाब दूसरे स्थान पर है। मुल्लांपुर के मैदान में दोनों टीमें दूसरी बार भिड़ रही हैं। पिछली बार 2 वर्ष पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैदान में पंजाब किंग्स को दो रनों से हराया था।
फॉर्म चिंता हेड-अभिषेक की
आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के पास ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा जैसे घातक ओपनिंग जोड़ी है, लेकिन टीम के लिए इनकी फॉर्म बहुत ही बड़ी चिंता है। हेड ने 3 मुकाबलोंं में 64 और अभिषेक ने महज 55 रन ही बनाए हैं। केवल एक मैच में दोनों ने 82 रनों की साझेदारी की थी जबकि बाकी 2 मुकाबलों में दोनों जल्दी विकेट दे बैठे थे।
पंजाब की मजबूत बैटिंग
इसी के साथ आईपीएल में पंजाब के पास मजबूत बैटिंग लाइन-अप है। इस समय प्रियांश आर्या ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई जबकि प्रभसिमरन ने दोनों मुकाबलों में शानदार बल्लेबाजी की है। कप्तान श्रेयस अय्यर भी अर्धशतकीय पारी के साथ फॉर्म में लौट आए हैं। कूपर कोनोली टीम के लिए भरोसेमंद खिलाड़ी साबित हो रहे हैं। तीन नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 2 मुकाबलों में उन्होंने 72 और 36 रनों की पारी खेली और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
