पंजाबी समाज हरियाणा के 90 विधायकों से मांगेगा रिफ्यूजी एक्ट बनाने पर समर्थन: विक्रांत धमीजा
mahendra india news, new delhi
सिरसा के रेस्ट हाउस में पंजाबी समाज के द्वारा पंजाबी खत्री सुरक्षा मंच के नेतृत्व में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पंजाबी खत्री सुरक्षा मंच के अध्यक्ष विक्रांत धमीजा ने खत्री समाज में अपने विचार रखते हुए कहा कि पंजाबी समाज द्वारा हरियाणा के 90 विधायकों को रिफ्यूजी एक्ट बनाने को लेकर मांग पत्र सौंपा जाएगा।
केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार विधायकों एवं सांसदों से दृढ़ मांग है कि ऐसा सख्त कानून बनाया जाए, जिसमें कोई भी व्यक्ति किसी व्यक्ति के प्रति जाति सूचक या अपमानजनक शब्दों का प्रयोग ना करें, ताकि किसी कारण उसको ठेस न पहुंचे तथा समाज में समान एवं सौंदर्य बना रहे। पंजाबी खत्री सुरक्षा मंच के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील मेहता ने भी बताया कि हमारे पूर्वज 1947 के विभाजन से पहले ही भारत के ही निवासी थे, लेकिन बंटवारे के समय उन्होंने भारी कठिनाइयों, हिंसा और अपार नुकसान का सामना करना पड़ा। लाखों लोगों ने अपने प्राणों की आहुति दी, परिवारों ने अपनी इज्जत और सम्मान की रक्षा के लिए अनेकों परिस्थितियों का सामना किया। अपनी जमीन-जायदाद तथा स्थापित जीवन छोड़कर नए सिरे से शुरूआत करनी पड़ी।
इन सभी कठिन पस्थितियों के बावजूद भी हमने अपने परिश्रम और आत्म सम्मान के बल पर समाज में अपनी पहचान बनाई और कभी अपना स्वाभिमान नहीं छोड़ा, इसलिए यह आवश्यक है कि आने वाली पीढ़ी को इस प्रकार के अपमानजनक शब्दों का सामना न करना पड़े, इसलिए एक सख्त कानून बनना अत्यंत जरूरी है। इस मौके पर दीक्षित आहूजा एवं प्रदेश सचिव सुमित मेहता ने भी कहा कि सभी 36 बिरादरी सहयोग के लिए आगे आए, ताकि समाज में एक भाईचारा की मिसाल दे सकें।
इस मौके पर विशिष्ट समाज सेवक श्याम बजाज, विजय कक्कड़, विजय राजपाल, नवरत्न मेहता, गोपाल मेहता, पूर्व सरपंच राधेश्याम मेहता, अरोड़ा परिवार से साहिल अरोड़ा, नरेश बजाज, दीक्षित मेहता, रविंद्र मेहता, विजय अरोड़ा, महेंद्र मेहता, हिमांशु अरोड़ा, मुकेश मेहता, कपिल मेहता, अशोक मेहता, यश अरोड़ा, विनोद अरोड़ा, संजीव अरोड़ा सहित समाज के प्रबुद्ध युवा साथी उपस्थित रहे।
