हरियाणा में राज्यसभा चुनाव आज, भाजपा की हैट्रिक पर नजर, कांग्रेस पार्टी को जीत की उम्मीद
हरियाणा में सोमवार का दिन राजनीतिक तौर पर खास होने जा रहा है। प्रदेश में आज राज्यसभा चुनाव है। इस चुनाव को लेकर बीजेपी व कांग्रेस पार्टी की नजर सभी विधायकों पर है। राज्यसभा की दो सीटों के चुनाव को लेकर आज मतदान होगा। सत्तारूढ़ बीजेपी जहां हैट्रिक लगाने की जुगत में है, वहीं 2 बार पर्याप्त संख्याबल के बावजूद सीट गंवा चुकी कांग्रेस ने इस बार पूरी ताकत लगाई हुई है।
बता दें कि रविवार को लगातार दूसरे दिन दोनों पक्षों की ओर से विधायकों को वोट डालने का अभ्यास कराया गया, क्योंकि मतदान में चूक पार्टी उम्मीदवार पर भारी पड़ सकती है। हालांकि 2 विधायकों वाले इनेलो ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं, इसकी भूमिका क्रास वोटिंग की स्थिति में अहम हो सकती है।
प्रदेश के सीएम नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ के लग्जरी होटल में भाजपा और निर्दलीय विधायकों को गुरु मंत्र दिए, तो शिमला में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कांग्रेसियों को एकता का पाठ पढ़ाया।
कांग्रेस के विधायक हिमाचल में
कांग्रेस पार्टी के तीन दिन से हिमाचल प्रदेश में ठहराये गए सभी 31 विधायक वापस आएंगे और कड़ी सुरक्षा में विधानसभा पहुंचेंगे। विपक्ष के नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा सहित कांग्रेस के 6 विधायक पहले ही चंडीगढ़ में मौजूद हैं। मतदान के पूर्व दिवस पर बीजेपी व कांग्रेस की दिन भर रणनीतिक बैठकें होती रही।
