CDLU SIRSA में येस टू लाइफ, से नो टू ड्रग्स के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के मनोविज्ञान विभाग में सोशल वेलफेयर एवं एक्टिविटी क्लब के अंतर्गत नशे के विरुद्ध जागरूकता को केंद्र में रखते हुए रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग की अध्यक्ष डॉ संजू बाला ढुल ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के मार्गदर्शन में यह प्रतियोगिता आयोजित की गई जो से येस टू लाइफ, से नो टू ड्रग्स (Say Yes to Life, Say No to Drugs) के विषय पर आधारित थी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, सकारात्मक जीवन शैली को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना था।
उन्होंने बताया कि रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए नशा विरोधी संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर जागरूकता फैलाए, तो समाज को एक सकारात्मक दिशा प्रदान की जा सकती है।
इस अवसर पर विभाग की फैकल्टी सदस्यों समृद्धि, काजल सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी और नशा-मुक्त समाज की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने नशा-मुक्त जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
