home page

राष्ट्रीय ओड़ सभा हरियाणा में लगाएगी 2100 पौधे, ऑनलाइन बैठक में लिया ऐतिहासिक निर्णय

 | 
Rashtriya Od Sabha to plant 2,100 saplings in Haryana; historic decision taken during online meeting

mahendra india news, new delhi
राष्ट्रीय ओड़ सभा की कोर कमेटी की रविवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश ओड़ की अध्यक्षता में ऑनलाइन ज़ूम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

राष्ट्रीय ओड़ सभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं अधीक्षक मक्खन सिंह कोटली ने बताया कि सभी सदस्यों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।

बैठक के दौरान पर्यावरण बचाएं, स्वच्छ समाज बनाएं के संकल्प को दोहराते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय ओड़ सभा हरियाणा प्रदेश के उन सभी जिलों में, जहां ओड़ समाज के लोग निवास करते हैं, वहां 2100 पौधे लगाएगी। इस अभियान के माध्यम से पूरे प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण का व्यापक संदेश दिया जाएगा।

बैठक में सर्वसम्मति से एक पेड़ राष्ट्रीय ओड़ सभा के नाम अभियान की शुरुआत करने का भी निर्णय लिया गया। इसके तहत राष्ट्रीय ओड़ सभा प्रत्येक जिले में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी, ताकि अधिक से अधिक लोगों को पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जोड़ा जा सके।

उन्होंने बताया कि बैठक में यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम 51 पौधे अवश्य लगाएंगे। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी भी संबंधित पदाधिकारियों की होगी, ताकि पौधे विकसित होकर भविष्य में छाया, शुद्ध वायु और हरित वातावरण प्रदान कर सकें।

मक्खन सिंह कोटली ने बताया कि बैठक में समाज के सभी बंधुओं से अपील की गई कि वे इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य शुभ अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि समाज की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान एक जन-आंदोलन का रूप लेगा और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

बैठक के अंत में राष्ट्रीय ओड़ सभा ने एक पेड़ राष्ट्रीय ओड़ सभा के नाम अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का संकल्प लेते हुए प्रदेशभर के लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनके संरक्षण का आह्वान किया।

बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष राजवीर सिंह ओड़, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दिनेश गड़ाई, राष्ट्रीय सचिव डॉ. प्रेम ओड़, प्रदेश अध्यक्ष दिनेश मांगल, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रोशन लाल पटवारी, प्रदेश संगठन महामंत्री दिनेश तायल, प्रदेश महामंत्री अशोक मजोका, प्रदेश महामंत्री पवन चित्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष दयानंद बाजल तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी मक्खन सिंह ओड़ सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।