हरियाणा में मिशन बुनियाद और सुपर-100 के लिए 5 नवंबर से पंजीकरण शुरू, सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगा मुफ्त कोचिंग का मौका
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सरकारी विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से मिशन बुनियाद एवं हरियाणा सुपर-100 के सत्र 2027 के लिए जागरूकता अभियान एवं पंजीकरण प्रक्रिया 5 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इस बार SIRSA जिले में व्यापक स्तर पर स्कूल एवं जिला स्तरीय जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थी इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
वर्ष 2022 में शुरू हुआ था मिशन बुनियाद कार्यक्रम:
जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं मिशन बुनियाद के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि मिशन बुनियाद कार्यक्रम वर्ष 2022 में स्कूल शिक्षा विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा विकल्प फाउंडेशन के सहयोग से शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान एवं गणित के प्रति रुचि विकसित करना, वैज्ञानिक दृष्टिकोण पैदा करना तथा उनकी शैक्षणिक नींव मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि कक्षा सातवीं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले तथा वर्तमान में कक्षा आठवीं में अध्ययनरत विद्यार्थी मिशन बुनियाद के लिए पात्र हैं। इसके अंतर्गत तीन चरणों में चयन परीक्षा आयोजित की जाती है। चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं एवं दसवीं की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी आॅनलाइन माध्यम से जिला स्तर पर स्थापित बुनियाद केंद्रों पर करवाई जाती है।
सुपर-100 की तैयारी के लिए भी मिलेगा मार्गदर्शन:
मिशन बुनियाद विद्यार्थियों को भविष्य में हरियाणा सुपर-100 जैसी महत्वाकांक्षी योजना में चयनित होने के लिए भी तैयार करता है। कक्षा नौवीं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले वर्तमान कक्षा दसवीं के विद्यार्थी हरियाणा सुपर-100 के लिए पंजीकरण कर सकते हैं। स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा ने विकल्प संस्थान के सहयोग से 2018 में सुपर 100 योजना शुरू की थी ’ इस प्रोग्राम के तहत राजकीय विद्यालयों से चयनित विद्यार्थियों को नीट और आईआईटी जेईई के लिए नि:शुल्क कोचिंग दी जाती है और बच्चों को रहने एवं खाने की फ्री सुविधा भी सरकार के द्वारा मुहैया करवाई जाती है’ सुपर 100 की परीक्षा दो चरणों में आयोजित की जाती है’ पहला चरण की परीक्षा जिला स्तर पर और द्वितीय चरण की परीक्षा विकल्प संस्थान कुरुक्षेत्र में आयोजित की जाती है ’
SIRSA जिले में होगा एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम:
इस बार अलग-अलग खंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के स्थान पर एक जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी खंडों के सरकारी मिडिल, हाई एवं वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों की भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम में पिछली कक्षा के परिणामों के आधार पर चयनित कक्षा आठवीं के दो टॉपर एवं कक्षा दसवीं के दो टॉपर, उनके अभिभावक, एक टीजीटी/पीजीटी शिक्षक तथा एक एसएमसी सदस्य शामिल होंगे।
मेधावी विद्यार्थियों एवं उत्कृष्ट विद्यालयों को मिलेगा सम्मान:
जिला स्तरीय कार्यक्रम में हरियाणा सुपर-100 में सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा उन विद्यालयों के प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा, जहां से विद्यार्थियों ने कक्षा दसवीं की पढ़ाई की है। इसके अतिरिक्त पिछले वर्ष मिशन बुनियाद में दो या अधिक विद्यार्थियों का चयन करवाने वाले विद्यालयों के प्राचार्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
स्कूल स्तर पर भी चलेगा विशेष अभियान:
डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि विकल्प फाउंडेशन के केंद्र समन्वयक आवंटित विद्यालयों का दौरा कर जागरूकता अभियान चलाएंगे। इस दौरान प्राचार्यों के सहयोग से कक्षा आठवीं एवं दसवीं के विद्यार्थियों को एकत्रित किया जाएगा। विद्यार्थियों को जागरूकता वीडियो दिखाने, पोस्टर लगाने, उनकी शंकाओं का समाधान करने तथा सर्वे एवं आॅनलाइन पंजीकरण में सहायता प्रदान की जाएगी।
पात्र विद्यार्थियों का पंजीकरण करवाना होगा अनिवार्य:
कक्षा सातवीं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों का मिशन बुनियाद के लिए तथा कक्षा नौवीं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले सभी कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों का हरियाणा सुपर-100 के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा। 60 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले इच्छुक विद्यार्थी भी स्वेच्छा से पंजीकरण कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां एवं परीक्षा कार्यक्रम
गतिविधि मिशन बुनियाद सुपर-100
पंजीकरण प्रारंभ 05 नवंबर 2026 05 नवंबर 2026
स्कूल स्तरीय अभियान 05 नवंबर 2026 05 नवंबर 2026
जिला स्तरीय अभियान 12 नवंबर 2026 12 नवंबर 2026
पंजीकरण की अंतिम तिथि 12 दिसंबर 2026 05 दिसंबर 2026
एडमिट कार्ड डाउनलोड प्रारंभ 14 दिसंबर 2026 07 दिसंबर 2026
एडमिट कार्ड की अंतिम तिथि 21 दिसंबर 2026 14 दिसंबर 2026
लेवल-1 परीक्षा 23 दिसंबर 2026 16 दिसंबर 2026
-मिशन बुनियाद एवं सुपर-100 विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके सपनों को नई उड़ान देने का सशक्त माध्यम हैं। सभी पात्र विद्यार्थी इस अवसर का लाभ उठाएं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलता है।
-डॉ. मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, सिरसा ।
-सभी विद्यालय प्राचार्य एवं शिक्षक पात्र विद्यार्थियों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करें, ताकि जिले का कोई भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इन योजनाओं का अधिकाधिक लाभ सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
-सुभाष कुमार फुटेला, जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा।
