home page

प्रथम मेरिट सूची के विद्यार्थियों को राहत, फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 4 अगस्त तक बढ़ी

 | 
Relief for students on the first merit list; deadline for fee payment extended to August 4

mahendra india news, new delhi
उच्च शिक्षा निदेशक द्वारा प्रथम मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों के लिए प्रवेश फीस जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 4 अगस्त कर दी गई है। तिथि बढ़ने के बाद जेसीडी विद्यापीठ स्थित एडमिशन सेल में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली।
प्रथम मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थी अपने दस्तावेजों का सत्यापन करवाने तथा प्रवेश फीस जमा कराने के लिए कॉलेज पहुंचे। वहीं, जिन विद्यार्थियों का नाम प्रथम सूची में शामिल नहीं हो पाया, वे भी आगामी मेरिट सूची, उपलब्ध सीटों तथा प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में प्रवेश सेल पहुंचे।

जेसीडी विद्यापीठ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अजय सिंह सेवानिवृत्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉलेज का एडमिशन सेल पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है।


उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह से सरल, पारदर्शी और विद्यार्थी-अनुकूल बनाया गया है, जिससे किसी भी अभ्यर्थी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए एडमिशन हेल्प डेस्क प्रतिदिन प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक सक्रिय रूप से कार्यरत रहता है।

जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जय प्रकाश ने कहा कि जेसीडी का उद्देश्य छात्रों को सिर्फ उच्च स्तरीय शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें नैतिकता, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के संस्कारों से भी सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि जेसीडी मेमोरियल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया जोरों पर है। इच्छुक विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने दस्तावेज शीघ्र जमा करें, ताकि इस प्रतिष्ठित संस्थान का हिस्सा बनने का अवसर न चूकें।  

जेसीडी मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रणजीत सिंह ने बताया कि स्नातक पाठ्यक्रमों की प्रथम मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों के लिए फीस जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 4 अगस्त कर दी गई है। इसके बाद दूसरी मेरिट सूची 6 अगस्त को जारी होगी, जबकि चयनित अभ्यर्थी 11 अगस्त तक अपनी फीस जमा करा सकेंगे। इसके उपरांत 12 अगस्त से तीसरे चरण की फिजिकल काउंसलिंग आयोजित की जाएगी तथा इसके लिए 13 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ होगी।
उन्होंने  बताया कि बची हुई सीटों पर 14 से 20 अगस्त तक 100 रुपये लेट फीस के साथ और 21 से 27 अगस्त तक 100 रुपये + 100 रुपये प्रतिदिन लेट फीस के साथ प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रथम मेरिट सूची 11 अगस्त को जारी की जाएगी। इस सूची में चयनित अभ्यर्थी 14 अगस्त तक पहले चरण की फीस जमा करा सकेंगे। इसके बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए 15 अगस्त से फिजिकल काउंसलिंग शुरू होगी तथा इसके लिए 16 अगस्त से ऑनलाइन पोर्टल पुनः खोला जाएगा।