home page

गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को किया याद, CDLU में शिक्षकों और विद्यार्थियों ने की लंगर सेवा

 | 
Remembering the teachings of Guru Nanak Dev Ji, teachers and students at CDLU organized a 'langar' (community meal) service

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री गुरु तेग बहादुर रिसर्च चेयर, पंजाबी विभाग एवं अंग्रेजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय के हर्बल पार्क के समीप चाय-पकौड़ा लंगर का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का शुभारंभ अरदास के साथ हुआ। इसके पश्चात डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुशील कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार, रिसर्च चेयर की निदेशक प्रो. रंजीत कौर, उपनिदेशक गुरसाहिब सिंह सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने लंगर सेवा का शुभारंभ किया और श्रद्धापूर्वक सेवा में सहभागिता की।


इस अवसर पर डीन अकादमिक अफेयर्स प्रो. सुशील कुमार ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं मानवता, समानता, निस्वार्थ सेवा तथा धार्मिक सद्भाव का महान संदेश देती हैं। उनके द्वारा प्रतिपादित 'नाम जपो, किरत करो और वंड छको' का सिद्धांत आज भी समाज को ईमानदारी, परिश्रम, परोपकार और मिल-बांटकर रहने की प्रेरणा देता है। गुरु साहिब की शिक्षाएं सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने में सदैव प्रासंगिक रहेंगी। उन्होंने कहा कि लंगर की परंपरा समानता, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जहां बिना किसी भेदभाव के सभी लोग एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करते हैं।

इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में सेवा, सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रिसर्च चेयर की निदेशक प्रो. रंजीत कौर ने कहा कि गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर लंगर का आयोजन उनकी महान शिक्षाओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम में कुलगुरु के निजी सचिव धर्मवीर, निजी सहायक हेमंत सहित विभिन्न विभागों के शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने लंगर सेवा में उत्साहपूर्वक योगदान दिया। आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर में सेवा, श्रद्धा, समानता और भाईचारे का संदेश दिया।

WhatsApp Group Join Now