DGP HARYANA को भेजा फिर से स्मरण पत्र, होमगार्ड जवानों से ली जाए 8 घंटे की ड्यूटी: चंद्रपाल तंवर
Mahendra india news, new delhi
आॅल इंडिया होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रपाल तंवर ने डी.जी.पी पुलिस, हरियाणा को फिर से एक स्मरण पत्र भेजकर होमगार्ड जवानों से 8 घंटे की ड्यूटी लेने की मांग की है। पत्र की प्रति मुख्यमंत्री हरियाणा, मुख्य सचिव, डी.जी. होमगार्ड, हरियाणा को भी प्रेषित की गई है।
डीजीपी को भेजे पत्र में चंद्रपाल तंवर ने बताया कि 27 फरवरी 2025 को भी पत्र लिखा गया था तब कुछ सुधार हुआ था, लेकिन फिर से हरियाणा प्रदेश में कानून व्यवस्था ड्यूटी के लिए जो होमगार्ड जवानों को पुलिस विभाग में तैनात किए जाते हैं, उन से काफी जिलों में 12-12 घंटे ड्यूटी ली जाती है।
आज भी हिसार सहित कई जिलों से शिकायतें मिली है कि होमगार्ड की जवानों से बार-बार 12 घंटे की ड्यूटी काफी जिलों में ली जाती है। काफी जवान सामने नहीं आ पाए, क्योंकि उनको नौकरी जाने का खतरा होता है। उनको अनुशासनहीनता का आरोप लगाकर होमगार्ड विभाग डिस्चार्ज कर देता है, इसलिए इस 12-12 घंटे की ड्यूटी का हजारों जवान खुलकर विरोध नहीं कर पा रहे हैं।
तंवर ने कहा कि आपको अवगत कराना चाहता हूं कि होमगार्ड के जवानों को मात्र 788 रुपये मिलते हैं अगर पुलिस विभाग 12 घंटे की ड्यूटी लेता है तो उसी हिसाब से ड्यूटी भुगतान किया जाए अन्यथा जो जवान 8 घंटे के ड्यूटी करने को राजी है, उनको उस हिसाब से पेमेंट दें और जो 12 घंटे के हिसाब से ड्यूटी करना चाहते हैं, उनको वही भुगतान करें। 12-12 घण्टे की ड्यूटी से जवानों का आर्थिक और मानसिक शोषण के साथ-साथ मानव अधिकारों का भी उल्लंघन है, साथ ही श्रम कानूनों का भी उल्लंघन है।
तंवर ने अवगत करवाया कि होमगार्ड के जवानों को किसी प्रकार का टीए, डीए बस किराया आदि का लाभ नहीं दिया जाता। मात्र 788 रुपए में आने जाने का किराया, बच्चों की स्कूल फीस, परिवार का अन्य खर्च इसी में चलाना पड़ता है। काफी दिनों से जवानों ने इस बारे में प्रत्यक्ष और फोन के माध्यम से अवगत करवाया है। हरियाणा के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षक को होमगार्ड जवानों की कितने घंटे की ड्यूटी है, उस बारे अवगत करवाया जाए, जो एक्स्ट्रा ड्यूटी करवाई जाती है, तो उसके उसका अलग से भुगतान होमगार्ड जवान को किया जाए।
इस बारे में स्पष्ट बताया जाए, अगर 12 घंटे ड्यूटी नहीं करते तो काफी जगह गैर हाजिरी लगाई जाती है। डी.जी. होमगार्ड हरियाणा से इस मामले में जानकारी प्राप्त करें कि होमगार्ड जवानों की ड्यूटी कितने घंटे ली जा सकती है और इस मामले में ड्यूटी घण्टों की कोई अधिसूचना जारी की जाए।
