home page

शोधार्थी विकास पूनिया व मुकेश बिश्नोई ने स्विट्जरलैंड के बर्न विश्वविद्यालय में प्रस्तुत किया शोध पत्र

 | 
Research scholars Vikas Poonia and Mukesh Bishnoi presented their research paper at the University of Bern, Switzerland

mahendra india news, new delhi
सिरसा। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू), जींद के अर्थशास्त्र विभाग के शोधार्थी विकास पूनिया ने आईआईटी रुडक़ी के शोधार्थी मुकेश बिश्नोई के सहयोग से स्विट्जरलैंड के बर्न विश्वविद्यालय में आयोजित पांचवें स्विस स्टाटा सम्मेलन (2025) में शोध पत्र प्रस्तुत कर अंतरराष्ट्रीय पटल पर विश्वविद्यालय तथा हरियाणा प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन 21 नवंबर 2025 को आयोजित हुआ, जिसमें विश्वभर के विद्वानों ने स्टाटा सॉफ्टवेयर के उन्नत उपयोग और उसके अनुसंधान-आधारित अनुप्रयोगों पर विचार.विमर्श किया।

विकास पूनिया, जो प्रोफेसर सुनील कुमार फोगाट के मार्गदर्शन में पीएचडी कर रहे हैं, ने अपने सह-लेखक मुकेश बिश्नोई के साथ लिंग मानदंड और महिला कल्याण: एक अनुभवजन्य परीक्षा शीर्षक शोध पत्र प्रस्तुत किया। इस शोध में जेंडर नॉम्र्स के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों का गहन अनुभवजन्य अध्ययन किया गया है तथा विशेष रूप से विकासशील समाजों में महिलाओं के स्वास्थ्य और कल्याण पर इनके प्रभावों को रेखांकित किया गया है। स्टाटा सॉफ्टवेयर का उपयोग करते हुए किए गए इस विश्लेषण से नीति-निर्माताओं के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त होते हैं।

अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रोफेसर सुनील कुमार फोगाट ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि विकास पूनिया का यह कार्य हमारे विभाग की शोध क्षमता को प्रदर्शित करता है और भारतीय शोधकर्ताओं की वैश्विक उपस्थिति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जेंडर समानता जैसे विषयों पर किया गया अनुसंधान सामाजिक परिवर्तन का सशक्त साधन बन सकता है। सीआरएसयू के कुलपति प्रोफेसर (डा.) राम पाल सैनी ने भी दोनों शोधार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को वैश्विक मंचों पर शोध के अवसर प्रदान करने के लिए सतत प्रयासरत है।

WhatsApp Group Join Now

उन्होंने सम्मेलन से पहले विकास को विशेष शुभकामनाएं दी थीं। सम्मेलन के दौरान विकास की प्रस्तुति को विशिष्ट सराहना मिली, जिससे भारतीय शोध की गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली। यह उपलब्धि सीआरएसयू के उभरते शोध कार्यक्रमों की मजबूती को दर्शाती है, जहां छात्रों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
दोनों शोधार्थियों की जड़ें सिरसा से:
विकास पूनिया और मुकेश बिश्नोई दोनों ने ही चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा से मास्टर्स इन इकोनॉमिक्स की डिग्री प्राप्त की है। सीडीयूएलयू के छात्र निरंतर अपनी प्रतिभा, शोध कार्य और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से विश्वविद्यालय एवं प्रदेश का नाम रोशन करते आए हैं। यह उपलब्धि भी उसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाती है।