बाबा सरसाई नाथ बुक बैंक वैल्फेयर ट्रस्ट का क्रांतिकारी कदम:
mahendra india news, new delhi
सामाजिक सरोकारों के प्रति दायित्व निभाने और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए बुक बैंक की स्थापना करने के बाद बाबा सरसाई नाथ बुक बैंक वैल्फेयर ट्रस्ट ने एक क्रांतिकारी पहल की है। ट्रस्ट के प्रधान गुरदीप सैनी ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा शीघ्र ही डिजीटल लाईब्रेरी की लांचिंग की जाएगी। इस लाईब्रेरी को ट्रस्ट द्वारा संचालित किया जाएगा और इससे विभिन्न विषयों की पढ़ाई करने वाले लाखों विद्यार्थियों को लाभ पहुंचेगा।
डिजीटल लाईब्रेरी के पोर्टल में एससीईआरटी, एनसीईआरटी, हरियाणा शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई समेत विभिन्न पाठयक्रमों की पुस्तकें उपलब्ध होंगी। इसका लिंक ट्रस्ट द्वारा ई-मेल के जरिए शेयर किया जाएगा। गुरदीप सैनी ने बताया कि डिजीटल लाईब्रेरी पोर्टल पर ही छात्रवृत्ति की सुविधा भी दी जाएगी। इसकी शर्तों का पालन करने वाले विद्यार्थियों को बड़े कोर्सेज के लिए बड़ी राशि खर्च की जाएगीए जिससे ऐसे विद्यार्थियों के लिए पढ़ाई का खर्च करने की चिंता समाप्त होगी। गुरदीप सैनी ने बताया कि इस पोर्टल के तहत कई फीचर्स हैं, जिनसे विद्यार्थियों को बहुत सहायता मिलेगी। हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों व विदेशी पाठ्यक्रमों की तमाम तरह की पुस्तकें इसमें उपलब्ध रहेंगी। साथ ही विद्यार्थियों के कल्याण से संबंधित बहुत मैटीरियल इसमें दिया जाएगा।
डिजिटल लाईब्रेरी के अंतर्गत 23 प्रकार के अलग-अलग वेबसाइट के लोगो और लिंक प्रदर्शित हैं:
उन्होंने बताया कि बाबा सरसाईनाथ डिजिटल लाईब्रेरी के अंतर्गत 23 प्रकार के अलग-अलग वेबसाइट के लिंक प्रदर्शित है, इसमें एनसीईआरटी, एससीईआरटी, ई-बस्ता, ई-पाठशाला, निपुण भारत, नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी, पीजी पाठशाला, शोध गंगा, यूजीसी नेट, ई-पुस्तकालय, ई-ज्ञानकोष, प्रोजेक्ट ई गुटेनबर्ग, स्वयंम पोर्टल, फ्री कंप्यूटर बुक्स, ई-ग्रंथ कोष, पीडीएफ ड्राइव, साथी आईआईटी के लिंक दिए गए हैं। सभी किताबों के लिए आप इस पर विजिट कर सकते हैं। लिंक के माध्यम से आप कक्षा पहली से लेकर पीएचडी तक की पढ़ाई कर सकते हैं।
इन परीक्षाओं की कर सकते हैं तैयारी:
गुरदीप सैनी ने बताया कि इन लिंक के माध्यम से स्कूल-कॉलेज के विभिन्न पाठ्यक्रमों के अलावा विद्यार्थी नेट, आईआईटी, इंजीनियरिंग, नीट, एचपीएससी, यूपीएससी, एसएससी, आईएएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकते हैं। ऑनलाइन कोर्सेज करने के लिए भी इसमें लिंक दिए गए हैं। यही नहीं इन लिंक के माध्यम से साहित्यिक, ऐतिहासिक, धार्मिक, विद्यार्थियों के लिए रुचिकर कहानी कॉमिक्स को भी पढ़ सकते हैं।
