NCERT को RTI: हर बच्चे तक किताबें पहुंची या नहीं, अब होगा खुलासा
सिरसा के सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र पारीक ने NCERT को सूचना का अधिकार (RTI) आवेदन भेजकर देशभर में पाठ्यपुस्तकों के प्रकाशन, वितरण और बिक्री से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है।
इस RTI के माध्यम से पारीक ने सत्र 2023-24, 2024-25, 2025-26 और 2026-27 के लिए कक्षा 1 से 12 तक सभी विषयों की पुस्तकों के प्रकाशन, राज्यों को आपूर्ति, बिक्री और शेष स्टॉक का पूरा रिकॉर्ड मांगा है।
पारीक का कहना है कि कई बार अभिभावकों और विद्यार्थियों को समय पर NCERT की किताबें उपलब्ध नहीं हो पातीं, जबकि सरकारी स्तर पर लाखों पुस्तकों का प्रकाशन और वितरण किया जाता है। ऐसे में यह जानना आवश्यक है कि वास्तव में कितनी किताबें छपीं, कितनी राज्यों तक पहुंचीं और कितनी बच्चों तक पहुंच पाईं।
RTI में यह भी मांग की गई है कि पुस्तकों की प्रिंटिंग, टेंडर प्रक्रिया, वितरण प्रणाली, बिक्री रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और संबंधित फाइल नोटिंग की प्रतियां उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि पूरे सिस्टम की पारदर्शिता सामने आ सके।
इस पहल को शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। RTI के जवाब के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि कहीं पुस्तकों के वितरण में कोई अनियमितता या कमी तो नहीं रही।।
