home page

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ओलंपियाड में सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने जीते स्वर्ण पदक

 | 
Sainik School students win gold medals in international Olympiads

रॉयल इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल खारा खेड़ी में स्थित सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एस.ओ.एफ . इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। हिंदी विभाग के अध्यापक डॉ० संदीप ने जानकारी देते हुए बताया कि कैडेट महेश एवं कैडेट यश कुमार ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक प्राप्त कर उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की है। इसके अतिरिक्त कैडेट आदित्य तिवारी, कैडेट रंजन कुशवाहा, कैडेट रौनक कुमार एवं कैडेट प्रियांशु सिंह ने कांस्य पदक अर्जित कर विद्यालय का मान बढ़ाया है।

जोनल स्तर पर भी विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, जिसमें कैडेट यशराज संदलिया एवं कैडेट उत्कर्ष राज ने रजत पदक तथा कैडेट अभिनय आनंद ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं, 11 विद्यार्थियों को ‘मेडल ऑफ डिस्टिंक्शन’ से सम्मानित किया गया, जिनमें उपरोक्त 9 कैडैट्स के अलावा कैडेट दिव्या रानी और कैडेट वरुण राठी भी शामिल है। कक्षा स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 9 विद्यार्थियों को क्लास टॉपर के रूप में भी गोल्ड मेडल प्राप्त हुए हैं।

विद्यालय के चेयरमैन डॉ० युद्धवीर सिंह, निदेशिका डॉ० ज्योत्स्ना, प्रशासक श्री विक्रमादित्य तथा सैनिक स्कूल  कमांडेंट कर्नल डॉ० डी.वी नेहरा ने विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।कर्नल नेहरा ने बताया कि सैनिक स्कूल ने राष्ट्रीय स्तर पर अंतर सैनिक स्कूल एथलेटिक्स ट्रॉफी जीतने के बाद अब शैक्षणिक स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ते हुए अंतर्राष्ट्रीय ओलंपियाड में स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर यह उपलब्धि सैनिक स्कूल ने अपनी स्थापना के चार सालों के भीतर हासिल की है।

WhatsApp Group Join Now

डॉ युद्धवीर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि न केवल उनके कठिन परिश्रम, लगन और समर्पण का परिणाम है, बल्कि विद्यालय और शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का भी प्रतिफल है। डॉ० ज्योत्स्ना ने कहा कि विद्यार्थियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय का नाम राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित किया है। 

इस उपलब्धि पर विद्यालय में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया, जिसमें सभी विजेता विद्यार्थियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थी एवं शिक्षक गण उपस्थित रहे।