सरकारी बिक्री केंद्र पर रबी फसलों के प्रमाणित बीजों की बिक्री शुरू, किसानों को रियायती दरों पर मिलेगा बीज
mahendra india news, new delhi
हरियाणा बीज विकास निगम लिमिटेड द्वारा राज्य के किसानों को गुणवत्तापूर्ण सब्जी एवं रबी फसलों के बीज समय पर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सिरसा यूनिट के सभी सेल काउंटरों पर सब्जी तथा अन्य बीजों की बिक्री शुरू कर दी गई है। निगम की ओर से सरकार की सब्सिडी नीति के तहत प्रमाणित बीज किसानों को रियायती दरों पर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, ताकि वे बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
हरियाणा बीज विकास निगम लिमिटेड के प्रबंधक मलकीत सिंह ने बताया कि निगम के विभिन्न बिक्री केन्द्रों पर मेथी, धनिया, शलगम जैसे सब्जी बीजों के साथ-साथ गेहूं, सरसों, चना, जौ आदि रबी फसलों के उच्च गुणवत्ता वाले बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। उन्होंने किसानों से आग्रह किया गया है कि वे अपने नजदीकी एचएसडीसी बिक्री केन्द्र से प्रमाणित बीज प्राप्त करें और समय पर बुवाई सुनिश्चित करें। सब्जी बीज पर अनुदान प्राप्त करने के इच्छुक किसान अपने जिला बागवानी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
निगम ने किसानों को सचेत किया है कि वे नकली बीजों से सावधान रहें और केवल एचएसडीसी के सरकारी बिक्री केन्द्रों से ही प्रमाणित बीज खरीदें। निगम द्वारा पहले आओ, पहले पाओ नीति के तहत बीज उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
