home page

किसान-मजदूरों की मांगों को लेकर हरियाणा भर में चलेगा किसान मजदूर बचाओ अभियान: मोर्चा

'Save Farmers and Workers' campaign to be launched across Haryana over farmers' and workers' demands: Morcha
 | 
'Save Farmers and Workers' campaign to be launched across Haryana over farmers' and workers' demands: Morcha
 किसान-मजदूरों की मांगों को लेकर हरियाणा भर में चलेगा किसान मजदूर बचाओ अभियान: मोर्चा
सिरसा। हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण मीटिंग जाट धर्मशाला, जींद में पूर्व सरपंच उम्मेद सिंह फोगाट की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मीटिंग में हरियाणा भर से किसान नेताओं ने भाग लिया तथा किसानों और मजदूरों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मीटिंग को संबोधित करते हुए लखविंदर सिंह औलख, मनदीप सिंह नथवान, अमरजीत सिंह मोहड़ी, राज सिंह ढाका, प्रिंस वैड़च, सतीश चेयरमैन, जगबीर घसौल तथा नरेश सांगवान ने अपने विचार रखे। किसान नेताओं ने खेती-किसानी पर लगातार बढ़ रहे आर्थिक संकट तथा केंद्र व राज्य सरकारों की किसानों और मजदूरों के प्रति बेरुखी पर गहरी चिंता व्यक्त की। किसान नेताओं ने कहा कि लंबे समय से किसान आंदोलनों की प्रमुख मांगें आज भी अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने मांग की कि एमएसपी पर फसल खरीद की गारंटी का कानून बनाया जाए तथा स्वामीनाथन आयोग की सी2 + 50 प्रतिशत फार्मूले के अनुसार फसलों के भाव सुनिश्चित किए जाएं। इसके साथ ही किसान-मजदूरों की संपूर्ण कर्ज मुक्ति की जाए। मीटिंग में अमेरिका सहित अन्य देशों के साथ किए गए कर मुक्त व्यापार समझौतों को रद्द करने, बिजली संशोधन बिल 2025 वापस लेने तथा सीड्स बिल 2025 रद्द करने की मांग भी उठाई गई। किसान नेताओं ने फर्टिलाइजर, डीजल, पेट्रोल सहित लगातार बढ़ रही महंगाई पर रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि बढ़ती लागत ने खेती को घाटे का सौदा बना दिया है।
हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा ने मीटिंग में बड़ा फैसला लेते हुए किसान मजदूर बचाओ अभियान के तहत हरियाणा के विभिन्न जिलों में मीटिंगों और जनसभाओं का कार्यक्रम घोषित किया। अभियान के तहत 15 जुलाई को सिरसा, 22 जुलाई को फतेहाबाद, 26 जुलाई को अंबाला, 31 जुलाई को रोहतक, 9 अगस्त को चरखी दादरी, 17 अगस्त को जींद तथा 25 अगस्त को कुरुक्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। किसान नेताओं ने बताया कि हरियाणा भर से किसान-मजदूरों को लामबंद करते हुए 1 सितंबर को सर छोटू राम संग्रहालय, गढ़ी सांपला में पहुंचा जाएगा। वहां रात्रि विश्राम के बाद 2 सितंबर को हरियाणा किसान मजदूर मोर्चा द्वारा टिकरी बॉर्डर, दिल्ली की ओर मार्च किया जाएगा। इस अवसर पर सतीश चेयरमैन, अंग्रेज सिंह कोटली, कुलदीप सिंह मोहड़ी, निशान सिंह, मनीष मलिक, दलबीर सिंह रेडू, दलबीर सिंह सोनीपत सहित अनेक गणमान्य किसान-मजदूर नेता उपस्थित रहे।