CDLU SIRSA में बीबीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा स्क्रिबल डे का आयोजन, अपने तीन वर्षों की यात्रा, मित्रता, संघर्ष, सीख और अनुभवों को साझा किया
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज़ (यूएसजीएस) में बीबीए तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा उत्साह, भावनाओं और यादगार पलों से भरे “स्क्रिबल डे” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे की टी-शर्ट्स पर संदेश लिखकर अपने कॉलेज जीवन की अनमोल यादों को सहेजा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने तीन वर्षों की यात्रा, मित्रता, संघर्ष, सीख और अनुभवों को साझा किया। संगीत, समूह फोटोग्राफी और आत्मीय संवादों के बीच विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने भविष्य के लिए नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
यूएसजीएस के डीन प्रो. डॉ. मोहम्मद काशिफ किदवई ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्क्रिबल डे केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि रिश्तों, यादों और सीख को संजोने का अवसर है।
इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापक डॉ. नियति चौधरी, डॉ. हरदर्शन कौर, नेहा अरोड़ा एवं अस्मिता चौधरी ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, आपसी सहयोग और आत्मीयता की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल करियर की कामना करते हुए कहा कि बीबीए विभाग के छात्र भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
विद्यार्थियों में तिजनीश ने कहा कि यूएसजीएस ने उन्हें केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि जीवन भर साथ निभाने वाले रिश्ते भी दिए हैं। अनिकेत ने कहा कि स्क्रिबल डे की यादें उनके लिए हमेशा खास रहेंगी। रहमत ने कहा कि विभाग का पारिवारिक वातावरण उन्हें हमेशा प्रेरित करता रहेगा। चंचल ने अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपने जीवन की सबसे बड़ी सीख बताया। माधवी ने कहा कि कॉलेज के ये पल जीवन भर उनकी स्मृतियों में बसे रहेंगे, जबकि शीना ने कहा कि यूएसजीएस ने उन्हें आत्मविश्वास और नई पहचान दी है।
