home page

फसली सीजन में अनाज मंडियों की सुरक्षा बढ़ाई, चप्पे-चप्पे पर रहेगी पुलिस की नजर :- SP दीपक सहारन

 | 
NEWS

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI

 फसली सीजन के दौरान अनाज मंडियों में किसानों और व्यापारियों की आवाजाही बढ़ने के साथ ही जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। मंडियों में चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं। मंडियों के आसपास पुलिस की गश्त बढ़ाई गई है और जगह-जगह नाकाबंदी कर आने-जाने वाले लोगों की जांच की जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।


पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि फसली सीजन को देखते हुए जिले की सभी अनाज मंडियों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की मंडियों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और समय-समय पर इसकी समीक्षा करने को कहा गया है। पुलिस का मकसद है कि मंडियों में फसल बेचने आने वाले किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी न हो और आपराधिक तत्व किसी वारदात को अंजाम न दे सकें।


SIRSA SP ने बताया कि मंडियों के आसपास डायल 112 की गाड़ियों और मोटरसाइकिल राइडरों की गश्त रहेगी। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार नाकाबंदी कर संदिग्ध लोगों और वाहनों की जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को व्यापार मंडल के सदस्यों के साथ बैठक कर बेहतर तालमेल बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी न रहे।

WhatsApp Group Join Now


संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत दें सूचना

SIRSA SP दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों को मंडी के व्यापारियों के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए हैं। इससे सुरक्षा से जुड़ी जरूरी सूचनाओं का तुरंत आदान-प्रदान हो सकेगा। उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि मंडी में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस सूचना मिलते ही आवश्यक कार्रवाई करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसली सीजन में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता से काम करेगी।