पहले होगी स्व-गणना उसके बाद डिजिटल जनगणना का होगा कार्य शुरू, 700 की आबादी पर एक एन्यूमरेटर की होगी नियुक्ति
mahendra india news, new delhi
जनगणना-2027 के दूसरे चरण को लेकर जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों, चार्ज अधिकारियों तथा जनगणना लिपिकों व तकनीकी सहायकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम 13 व 14 अक्टूबर को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के सीवी रमन भवन स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान नगराधीश अजय सिंह ने जनगणना की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारणी और सर्वेक्षण की तैयारियों के संबंध में जानकारी दी।
नगराधीश अजय सिंह ने बताया कि घर-घर जाकर जनगणना सर्वेक्षण 25 जनवरी से 28 फरवरी तक किया जाएगा। इससे पहले 10 जनवरी से 24 फरवरी तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च तक रिविजनल राउंड आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जनगणना कार्य की तैयारियां समय पर पूरी करने और निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार कार्य करने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य को व्यवस्थित ढंग से पूरा करने के लिए जिले में 3023 जनगणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। प्रत्येक 700 की आबादी अथवा 150 घरों पर एक गणनाकार (एन्यूमरेटर) नियुक्त किया जाएगा, जबकि प्रत्येक छह जनगणना ब्लॉक पर एक सुपरवाइजर लगाया जाएगा। गणनाकारों और सुपरवाइजरों को उनके कार्यस्थल के आसपास का क्षेत्र आवंटित किया जाएगा, ताकि वे अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
नगराधीश ने बताया कि जनगणना कार्य के लिए विभिन्न विभागों से कर्मचारियों की सूची मांगी गई है। जनगणना के प्रथम चरण में जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, उन्हें दूसरे चरण में भी ड्यूटी देने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में ऐलनाबाद के तहसीलदार रविंद्र मलिक, सिरसा तहसीलदार प्रदीप कुमार, डबवाली तहसीलदार सुनील, रानियां तहसीलदार लोकेश कुमार, चार्ज अधिकारी रानियां विक्रमजीत, डबवाली के ईओ सुरेंद्र कुमार, नगर परिषद सिरसा की कार्यकारी अधिकारी सुमन लता, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फटेला, प्लानिंग अधिकारी अमिता चौधरी, डिविजनल इंचार्ज प्रमोद कुमार, जनगणना सहायक हिमांशु सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
