home page

वरिष्ठ पत्रकार विश्वजीत शर्मा व पूर्व समाचार संपादक गुलशन वर्मा सम्मानित

 | 
Senior journalist Vishwajeet Sharma and former news editor Gulshan Verma honoured

mahendra india news, new delhi
 विश्व संवाद केंद्र न्यास , हरियाणा द्वारा देवर्षि नारद 11 वां राज्य स्तरीय पत्रकारिता पुरस्कार के तहत आयोजित सम्मान समारोह में सिरसा के वरिष्ठ पत्रकार विश्वजीत शर्मा व जागरण के पूर्व समाचार संपादक गुलशन वर्मा सहित प्रदेश के 7 पत्रकारों को शानदार सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। फरीदाबाद में रविवार को आयोजित इस सम्मान समारोह में हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि थे, जबकि अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक डा. सुरेंद्र पाल ने की इसके अतिरिक्त देश के जाने-माने पत्रकार, राष्ट्रवाणी के मुख्य संपादक डा. अमिताभ अग्निहोत्री विशिष्ठ अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

कार्यक्रम में मॉडर्न डीपीएस के डायरेक्टर राजीव गिरधर, शिवालिक प्रिंटर्स के चेयरमैन मुकेश अग्रवाल व उद्योगपति मनमोहन गुप्ता प्रमुख अतिथियों के रूप में उपस्थित थे। इस अवसर पर सिरसा से संघ के जिला प्रचार प्रमुख पविकांत मित्तल, जिला मीडिया प्रभारी जयंत शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार इंद्रजीत अधिकारी व जनसंचार विभाग के प्राध्यापक डा. रविंदर भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का प्रारंभ देवी सरस्वती व देवर्षि नारद के चित्रों पर माल्यार्पण  करके  दीप प्रज्ज्वलन  से किया गया ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि हरियाणा के खाद्य-आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि हरियाणा सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए बहुत से कार्य कर रही है। सरकार लगभग 1400 पत्रकारों को मासिक पेंशन प्रदान कर रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वयं संघ के प्रांत प्रचारक डा. सुरेंद्र पाल ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर वर्तमान समय तक पत्रकारिता का जिक्र करते हुए कहा कि हर कालखंड में पत्रकारिता ने समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

WhatsApp Group Join Now

देवर्षि नारद परंपरा की पत्रकारिता सत्य, निर्भीकता और लोककल्याण पर आधारित रही है। आज भी मीडिया केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त साधन है। उन्होंने राष्ट्रीय दृष्टिकोण के साथ पत्रकारिता को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। डॉ. अमिताभ अग्निहोत्री ने पत्रकारिता के मूल्यों और दायित्वों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकार को किसी भी प्रकार के दबाव, पद, प्रतिष्ठा या आर्थिक लाभ के लिए पत्रकारिता के क्षेत्र में नहीं आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारीपूर्ण और सामाजिक सरोकारों से जुड़ा पेशा है, जिसमें निष्पक्षता सबसे महत्वपूर्ण है। पत्रकार को निष्पक्ष पत्रकारिता अवश्य करनी चाहिए, लेकिन साथ ही राष्ट्रहित और देशहित को सदैव ध्यान में रखकर कार्य करना चाहिए। डॉ. अग्निहोत्री ने कहा कि उतार-चढ़ाव पत्रकार के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों से घबराने के बजाय पत्रकारों को धैर्य और प्रतिबद्धता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने देवर्षि नारद जयंती के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि देवर्षि नारद संवाद और सूचना के प्रसार के प्रतीक रहे हैं। इस अवसर पर सभी पत्रकारों को यह संकल्प लेना चाहिए कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ पत्रकारिता करेंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों और गणमान्य लोगों से उन्होंने पत्रकारिता के उच्च आदर्शों को बनाए रखने तथा समाज में सकारात्मक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। इसके उपरांत सिरसा के विश्वजीत शर्मा व दैनिक जागरण के समाचार संपादक गुलशन वर्मा को मुख्य अतिथि हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने उनके मूल्य परक  राष्ट्रवादी पत्रकारिकता के लिए सम्मानित किया। दोनों पत्रकारों को उतरिया भेंट कर प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त कुरुक्षेत्र के राम किशन, फरीदाबाद की मानसी अरोड़ा, भिवानी के नवनीत शर्मा, साक्षी रावत व ओम प्रकाश पांचाल को भी सम्मानित  किया गया। अंत में  संस्था की ओर से सबका आभार जताया गया।