home page

शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज में भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न, 150 विद्यार्थियों को प्रदान की डिग्रियां

 | 
Shah Satnam Ji Boys College holds grand convocation, 150 students awarded degrees

mahendra india news, new delhi
सिरसा। शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज, सिरसा में रविवार को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कॉलेज प्रांगण में आयोजित इस समारोह में करीब 150 विद्यार्थियों ने भाग लेते हुए अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव मनाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों की भी उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही। कार्यक्रम की शुरुआत गुरु वंदना से हुई, जिससे पूरे वातावरण में आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ।

इसके बाद मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे शाह सतनाम जी रिसर्च एंड डेवलपमेंट फाउंडेशन के रामकिशन बजाज तथा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलावर सिंह का कॉलेज परिवार की ओर से गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अतिथियों को स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के सफल विद्यार्थियों को उनकी डिग्रियां प्रदान की गईं। वर्षों की मेहनत और लगन के बाद डिग्री प्राप्त करते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ दिखाई दे रहा था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि रामकिशन बजाज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि यह जीवन में सही दिशा, संस्कार और जिम्मेदारी का बोध कराती है। उन्होंने युवाओं को समाज सेवा, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उन्हें अपनी शिक्षा का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास के लिए करना चाहिए। वहीं कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दिलावर सिंह ने विद्यार्थियों को दीक्षांत समारोह की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव होता है। उन्होंने कहा कि कॉलेज हमेशा से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संस्कार और बेहतर भविष्य देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

WhatsApp Group Join Now

दीक्षांत समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिनसे कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर डॉ. सुमित सिंगला, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. बाबूलाल, सतविंदर सिंह, आशु गर्ग, अमित कुमार सहित कॉलेज के सभी प्राध्यापक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।