हरियाणा स्टेट स्विमिंग व मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप में शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों का जलवा
mahendra india news, new delhi
सिरसा। 61वीं सीनियर हरियाणा स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप-2026 तथा हरियाणा स्टेट मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप-2026 में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज एवं शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 14 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 2 रजत और 10 कांस्य पदक जीतकर संस्थान का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों और कोचों ने इस सफलता का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन को दिया। बहादुरगढ़ स्थित एचएल सिटी में आयोजित 61वीं सीनियर हरियाणा स्टेट स्विमिंग चैंपियनशिप में अंतरराष्ट्रीय तैराक एवं डैफ ओलंपियन अमन शर्मा ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
वहीं नवीन कुमार ने 50 मीटर बैकस्ट्रोक, 50 मीटर फ्रीस्टाइल तथा 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में तीन कांस्य पदक हासिल किए। शाह सतनाम जी स्कूल के छात्र नीतीश ने 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में कांस्य पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके अलावा दीपांशु, भारत और अवतार ने भी प्रतियोगिता में सराहनीय प्रदर्शन किया। हिसार स्थित मॉडर्न डिफेंस स्कूल में आयोजित हरियाणा स्टेट मॉडर्न पेंटाथलॉन चैंपियनशिप-2026 में भी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। अंडर-13 वर्ग में वंश ने ट्रायथले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। अंडर-15 वर्ग में इवयान ने कांस्य पदक प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में दलजीत ने ट्रायथले में रजत, सागर ने बायथले में रजत तथा देविश ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-19 वर्ग में हरमीत ने बायथले स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। अंडर-21 वर्ग में शाह सतनाम जी बॉयज कॉलेज के खिलाड़ी दीपांशु ने बायथले में स्वर्ण और ट्रायथले में कांस्य पदक जीतकर दोहरी सफलता प्राप्त की। इसी वर्ग में भारत ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि अवतार चौथे स्थान पर रहे। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थानों के प्रभारी चरणजीत इन्सां ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
