राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज में अंतर-महाविद्यालय विज्ञान प्रश्नोत्तरी आयोजित
mahendra india news, new delhi
सिरसा शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में अंतर-महाविद्यालय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वीरवार को सेमिनार हॉल में विज्ञान एवं गणित विभाग द्वारा यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न महाविद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में टीम अल्फा (सीएमके नेशनल पीजी कॉलेज, सिरसा), टीम बीटा (जेसीडी मेमोरियल कॉलेज, सिरसा), टीम डेल्टा (गवर्नमेंट कॉलेज फॉर वूमेन, सिरसा) तथा मेजबान संस्थान की टीम गामा ने भागीदारी निभाई। प्रश्नोत्तरी के विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों के वैज्ञानिक ज्ञान, तार्किक क्षमता और त्वरित निर्णय लेने की योग्यता का परीक्षण किया गया। कार्यक्रम रोचक, सुव्यवस्थित और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में टीम गामा की छात्राओं दिलमीत, गीता और सुनीता ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
टीम अल्फा की कशिश, ज्योति और दिव्या द्वितीय स्थान पर रहीं, जबकि टीम डेल्टा की संजना, अनुष्का और रचना ने तृतीय स्थान हासिल किया। टीम बीटा की मुस्कान, आश्मीत और जन्नत ने भी सभी चरणों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सराहनीय प्रदर्शन किया। महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. गीता मोंगा ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान दिवस जैसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, जिज्ञासा और नवाचार की भावना को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
आईक्यूएसी निदेशक डॉ. रिशु तोमर ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए प्रतिभागियों को विज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में प्राचार्या एवं आईक्यूएसी निदेशक द्वारा विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। आयोजन में डॉ. रेखा
मेहता, पायल, पूजा तनेजा, मधु और अवनी का सहयोग सराहनीय रहा।
