टॉप-10 में छाया शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज, कई विषयों में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन
mahendra india news, new delhi
सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय द्वारा मंगलवार को जारी विभिन्न कक्षाओं के परीक्षा परिणामों में शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। मास्टर आॅफ आर्ट्स (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) प्रथम सेमेस्टर के परिणाम में विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में 8 छात्राएं इसी कॉलेज की शामिल रही। वहीं एमए (हिंदी) प्रथम सेमेस्टर में भी कॉलेज की एक छात्रा ने टॉप-10 में स्थान हासिल किया।
इसी क्रम में मास्टर आॅफ कॉमर्स (एमकॉम) प्रथम सेमेस्टर के परिणाम में दो छात्राओं ने टॉप-10 में जगह बनाई। इसके अलावा मास्टर आॅफ साइंस (मैथमेटिक्स) तृतीय सेमेस्टर में भी कॉलेज की एक छात्रा ने विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में स्थान प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्य चरणजीत इन्सां, रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, आरके चौहान इन्सां, रामकिशन बजाज इन्सां, प्रिंसिपल डॉ. गीता मोंगा इन्सां व आईक्यूएसी निदेशक डॉ. रिशू तोमर ने सफल छात्राओं, उनके अभिभावकों और स्टाफ को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह शानदार उपलब्धि पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन आशीर्वाद, संस्थान में उपलब्ध सकारात्मक एवं अनुशासित शैक्षणिक वातावरण तथा शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि कॉलेज में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ समय-समय पर मार्गदर्शन, प्रेरणा और संसाधन उपलब्ध करवाए जाते हैं, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारते हुए उच्च लक्ष्य प्राप्त कर रही हैं। प्रबंधन ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी छात्राएं इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेंगी।
- एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में सिमरन कौर बनी यूनिवर्सिटी टॉपर
मास्टर आॅफ आर्ट्स (पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन) में शाह सतनाम जी गर्ल्स कॉलेज की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी मारी। सिमरन कौर ने 600 में से 524 अंक हासिल कर विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा श्रेया देवी ने टॉप-10 सूची में दूसरा, धर्मप्रीत कौर ने तीसरा, साक्षी इन्सां ने चौथा, किंजल ने पांचवां, गुरजीत कौर ने छठा, खुशप्रीत कौर ने सातवां और अनिता रानी ने नौवां स्थान हासिल किया। अन्य छात्राओं ने भी अच्छे अंक लेकर परीक्षा उत्तीर्ण की।
- एमए हिंदी व एमकॉम में भी शानदार प्रदर्शन
एमए हिंदी प्रथम सेमेस्टर के परिणाम में कॉलेज की पूजा ने विश्वविद्यालय की टॉप-10 सूची में सातवां स्थान हासिल किया। वहीं मास्टर आॅफ कॉमर्स (एमकॉम) प्रथम सेमेस्टर में कंचन बाला ने विश्वविद्यालय में दूसरा और तजिंदर कौर ने पांचवां स्थान प्राप्त किया।
- एमएससी मैथ में अर्ज इन्सां ने पाया दूसरा स्थान
मास्टर आॅफ साइंस (मैथमेटिक्स) तृतीय सेमेस्टर के परिणाम में इसी महाविद्यालय की अर्ज इन्सां ने विश्वविद्यालय में दूसरा स्थान हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया।
