एचआईवी-एड्स जागरूकता क्विज में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की टीम ने मारी बाजी
Mahendra india news, new delhi
SIRSA शहर के आरके सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय एचआईवी-एड्स जागरूकता क्विज प्रतियोगिता में शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। कक्षा 11वीं मेडिकल की छात्रा गुरकीरत कौर और कक्षा 8वीं की छात्रा गुररहमत संधू की टीम ने दूसरा स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। विजेता टीम को दो हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में सरकारी और निजी स्कूलों की 55 टीमों ने हिस्सा लिया। प्रत्येक टीम में दो विद्यार्थी शामिल थे। शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल की ओर से भी तीन टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें गुरकीरत कौर और गुररहमत संधू की टीम ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से एचआईवी-एड्स के कारणों, बचाव, जागरूकता और स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न पहलुओं पर आधारित प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने अपनी तैयारी और विषय की बेहतर समझ के आधार पर सवालों के सटीक जवाब देकर यह उपलब्धि हासिल की।
छात्राओं की इस उपलब्धि पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां, स्कूल की प्रधानाचार्या डा. शीला पूनिया इन्सां तथा शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान की प्रबंधन समिति के सदस्य रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर ने छात्राओं और उनकी कक्षा प्रभारी को बधाई दी। उन्होंने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। छात्राओं ने अपनी सफलता का श्रेय पूज्य गुरु जी के पावन आशीर्वाद के साथ स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के निरंतर प्रोत्साहन से उनका आत्मविश्वास बढ़ा और वे प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर सकीं।
- मेहनत और लगन का परिणाम : प्रधानाचार्या
स्कूल की प्रधानाचार्या डा. शीला पूनिया इन्सां ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और विषय के प्रति रुचि का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर स्कूल का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने छात्राओं की सफलता का श्रेय पूज्य गुरु जी की प्रेरणाओं, स्कूल स्टाफ की मेहनत और प्रबंधन के मार्गदर्शन को देते हुए कहा कि शिक्षकों के निरंतर सहयोग से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने से विद्यार्थियों के ज्ञान में बढ़ोतरी होने के साथ उनका आत्मविश्वास भी मजबूत होता है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी विभिन्न ज्ञानवर्धक एवं जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया।
