श्री ब्राह्मण महासभा एवं श्री ब्राह्मण सभा ने किया गोबिंद कांडा को सम्मानित
सिरसा। सिरसा में आज भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न ब्राह्मण संस्थाओं की ओर से समारोह का आयोजन किया गया। श्री ब्राह्मण महासभा की ओर से भगवान परशुराम चौक पर समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने शिरकत की। समारोह की अध्यक्षता नगर परिषद के अध्यक्ष वीर शान्ति स्वरूप शामिल हुए जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा शामिल हुए। सर्वप्रथम गोबिंद कांडा सहित अन्य अतिथियों ने भगवान परशुराम चौक पर स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
पूर्व मंत्री एवं हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा की ओर से गोबिंद कांडा ने श्री ब्राह्मण महासभा को एक लाख रुपए का योगदान दिया। उन्होंने पूर्व मंत्री गोपाल कांडा की ओर से देश प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों को बधाई दी। गोबिंद कांडा ने कहा कि भगवान श्री परशुराम जी ने शस्त्र एवं शास्त्र के माध्यम से समाज को संदेश दिया। अन्याय के खिलाफ बिगुल बजाया और आतंक का खात्मा करने का काम किया। उन्होंने ब्राह्मण संस्थाओं से एकजुट और संगठित होकर जन्मोत्सव मनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर महासभा के प्रधान सुशील शर्मा एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि गोबिंद कांडा को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समारोह में विभिन्न वार्डो के पार्षद एवं कई अन्य सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।
दूसरी ओर श्री ब्राह्मण सभा द्वारा गीता भवन में परशुराम जन्मोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा बतौर अतिथि शामिल हुए। उन्होंने पूर्व मंत्री एवं हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा की ओर से 50 हजार रुपए का योगदान दिया। साथ ही देश प्रदेश वासियों एवं आयोजक संस्था को बधाई दी।
