दड़बा कलां गौशाला में श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महोत्सव 22 से
स्वामी सदानंद प्रणामी गौ-सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी गौशाला दड़बा कलां एवं मानकदिवान (सिरसा) द्वारा आगामी 22 फरवरी से 28 फरवरी तक श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
इस संबंधी जानकारी देते हुए गौशाला सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि 22 फरवरी की सुबह 9.15 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी, जोकि गांव में स्थित ठाकुर जी के मंदिर से शुरू होकर गांव की मुख्य गलियों का भ्रमण करते हुए गौशाला प्रांगण में पहुंचेगी।
इसके बाद कथा व्यास दासजी महाराज (श्री रामलला वाटिका, भट्टूूमंडी) अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को कथा का रसपान करवाएंगे। कथा का समय सुबह 11.30 बजे से सांय 3.30 बजे तक रहेगा। 28 फरवरी को पूर्ण आहूति व भंडारा होगा। उन्होंने समस्त ग्रामवासियों व गौभक्तों से आह्वान किया कि समयानुसार कार्यक्रम में आकर कथा का श्रवण कर पुण्य के भागी बनें।
