जिला बार संघ सिरसा ने दिया अनिश्चितकालीन हड़ताल को समर्थन
mahendra india news, new delhi
दमनकारी नीति को रद्द करवाने के लिए जिला उपायुक्त को सौंपा सरकार के नाम ज्ञापन
सिरसा। ज्वाइंट एक्शन कमेटी पंजाब एंड हरियाणा के आह्वान पर एलएडीसी पॉलिसी को रद्द करवाने के लिए 20.7.2026 से लगातार चल रही हड़ताल को बुधवार को जिला बार संघ सिरसा ने समर्थन दिया। जिला बार के प्रवक्ता एडवोकेट मोहनलाल अरोड़ा ने बताया कि इसके बाद जिला उपायुक्त को सरकार के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
वरिष्ठ अधिवक्ता नरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि ज्वाइंट एक्शन कमेटी पंजाब एंड हरियाणा जैसे-जैसे हमें आदेश देगी, जिला बार संघ सिरसा उनके आदेशों का पालन करके पूर्ण सहयोग करती रहेगी। जिला बार संघ के सचिव हरदीप सिंह सिद्धू ने हड़ताल कर रहे वकीलों को संबोधित करते हुए कहा कि यह दमनकारी एलएडीसी प्रणाली इसी तरह लागू रही तो वकीलों का कार्य अत्यधिक प्रभावित होगा।
अधिवक्ताओं का काम करना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए हम सभी को मिलकर पंजाब एंड हरियाणा के वकीलों को इस गलत नीति को रद्द करवाने के लिए चल रही हड़ताल में अपने निजी कार्य छोड़कर बढ़ चढ़कर भाग लेना चाहिए। सभी उपस्थित अधिवक्ताओं ने हाथ खड़े कर आश्वासन दिया कि हम जिला बार संघ के हमेशा साथ हैं। इसके बाद जिला बार संघ के अध्यक्ष गंगाराम ढाका के नेतृत्व में जिला के उपायुक्त को सरकार के नाम इस दमनकारी नीति को रद्द करवाने के लिए एक ज्ञापन भी दिया गया।
