सिरसा आईटीआई के प्रधानाचार्य बुधराम कंबोज को राज्य स्तर पर मिला तृतीय स्थान
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (जीआईटीआई), सिरसा के प्रधानाचार्य बुध राम कंबोज को हरियाणा के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों में उत्कृष्ट नेतृत्व, संस्थागत विकास, प्रशिक्षण प्रबंधन एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त होने पर संस्थान के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। यह सम्मान उनके कुशल नेतृत्व, अनुशासन, समर्पण एवं संस्थान के सर्वांगीण विकास के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उनके मार्गदर्शन में राजकीय आईटीआई सिरसा ने प्रशिक्षण, कौशल विकास, प्लेसमेंट तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बुध राम कंबोज ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें रोजगार योग्य बनाना है।
संस्थान में संचालित विभिन्न व्यवसायों (ट्रेडों) में प्रशिक्षण कार्य निर्धारित पाठ्यक्रम एवं आधुनिक तकनीकों के अनुरूप प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षार्थियों के कौशल एवं दक्षता में निरंतर वृद्धि हो रही है। उन्होंने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया जारी है तथा अधिक से अधिक युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रवेश जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक एवं रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रधानाचार्य ने प्लेसमेंट गतिविधियों का उल्लेख करते हुए कहा कि संस्थान द्वारा विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली, कैंपस प्लेसमेंट, रोजगार मेले, अप्रेंटिसशिप कार्यक्रम तथा उद्योग भ्रमण जैसी गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षार्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो रहे हैं। संस्थान के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि बुधराम कंबोज की यह उपलब्धि न केवल राजकीय आईटीआई सिरसा, बल्कि पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है। उनके नेतृत्व में संस्थान लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है तथा गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार सृजन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
प्रधानाचार्य ने प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से संस्थान उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर रहा है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में आईटीआई में प्रवेश लेकर तकनीकी शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण का लाभ उठाने का आह्वान किया। अंत में संस्थान परिवार ने प्रधानाचार्य बुध राम कंबोज को राज्य स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त होने पर पुन: हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।
