SIRSA नगर परिषद चेयरमैन पहुंचे रोड़ी बाजार, दुकानदारों व व्यापारियों को दिया आश्वासन
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। रोड़ी बाजार में स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट के तहत डाली जा रही पाइपलाइन का कार्य पिछले एक सप्ताह से बंद होने के कारण व्यापारी व दुकानदारों के साथ-साथ आम जनमानस भी परेशान है। व्यापारियों व दुकानदारों द्वारा जताए गए रोष के बाद मंगलवार की सुबह नगर परिषद के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप भट्टी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जेई दीपक व संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाया और काम बंद करने बाबत जवाब तलब किया। इसपर जेई व ठेकेदार ने कहा कि अब कार्य सुचारू रूप से लगातार चलेगा और जल्द से जल्द कार्य को पूरा करवाया जाएगा।
नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप ने व्यापारियों व दुकानदारों से कहा कि उन्हें स्टॉर्म वाटर प्रोजेक्ट से कोई समस्या नहीं आने दी जाएगी। व्यापारियों व दुकानदारों का हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों व दुकानदारों को आश्वस्त किया कि व्यापार मंडल और व्यापारियों की सहमति से आगे का कार्य किया जाएगा।
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हीरालाल शर्मा व शहरी प्रधान कीर्ति गर्ग ने कहा कि व्यापारियों व दुकानदारों के रोष जताने पर आज नगर परिषद चेयरमैन दुकानदारों के बीच मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग पहले ही महामंदी की मार झेल रहा है और आवागमन बाधित होने से व्यापार ठप हो गया है। बार-बार अवगत करवाने के बाद भी सुनवाई न होने पर व्यापारियों ने खुलकर अपने रोष का इजहार किया और प्रशासन को दुकानें बंद कर चाबियां सौंपने की चेतावनी दी,
जिसके बाद प्रशासन के साथ-साथ नगर परिषद के अधिकारी जागे और मंगलवार की सुबह ही चेयरमैन वीर शांति स्वरूप व्यापारियों की सुध लेने के लिए रोड़ी बाजार में मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापार मंडल को आश्वासन दिया है कि व्यापारियों के साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
इस मौके पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपप्रधान चंद्र यश जैन, महासचिव सुरेश गोयल, व्यापार मंडल के उपप्रधान प्रेम गुप्ता, नरेश जिंदल, सतीश गोयल, महासचिव अश्वनी बंसल, प्रवीन महिपाल, विरेंद्र जैन, भीम सिंगला कोषाध्यक्ष, अमित गाबा संगठन सचिव, अशोक सोनी, पुरुषोतम गर्ग, सुरेंद्र जैन, हेमंत मेहता, आकाश मुंजाल, ओमप्रकाश लूना, तरूण बतरा, नरेश कक्कड़, अविनाश गुप्ता, सुमित जैन, पंकज पारीक, सतीश शर्मा, मोहनलाल अरोड़ा, राजन अरोड़ा, बसंत जैन, खजाजचंद, संजय लूना, विक्की सैनी, प्रेम गांधी, पंकज केडिया, भारती व राजकुमार सहित अन्य दुकानदार उपस्थित थे।
