home page

Sirsa News: आईटीआई सिरसा में 30 अक्टूबर को युवा संवाद कार्यक्रम, युवा आइकन रितिका यदुवंशी होंगी शामिल

 | 
विकसित भारत-2047 से युवाओं को जोड़ने की पहल, सिरसा में होगा युवा संवाद

MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), सिरसा की ओर से 30 अक्टूबर को सुबह साढ़े नौ बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सिरसा में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करना है।

मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में 26 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘विकसित भारत युवा संवाद’ अभियान के तहत सिरसा में यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में खेल जगत से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों के साथ युवा आइकन रितिका यदुवंशी भी उपस्थित रहेंगी। उनकी उपस्थिति से विद्यार्थियों को सार्वजनिक नेतृत्व, खेलों में उत्कृष्टता और युवाओं की आकांक्षाओं से जुड़े विभिन्न विषयों को समझने का अवसर मिलेगा।


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों और जनप्रतिनिधियों के बीच आयोजित होने वाला संवाद सत्र रहेगा। इस सत्र में विद्यार्थी अपने प्रश्न पूछ सकेंगे, विचार साझा कर सकेंगे तथा लोकतांत्रिक सहभागिता, नागरिक जिम्मेदारियों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर सकेंगे। इस पहल के माध्यम से युवाओं को जनप्रतिनिधियों के विचारों को समझने और अपनी जिज्ञासाओं एवं सुझावों को साझा करने का अवसर मिलेगा।

WhatsApp Group Join Now


कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ‘लोकतांत्रिक शपथ’ भी दिलाई जाएगी। इसके माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक भागीदारी और जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को ‘विकसित भारत - 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि वे देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।