SIRSA पुलिस ने 2002 में हुए हत्या के मामले में 18 साल से फरार चल रहे वांछित भगौड़े को पंजाब से दबोचा
सिरसा पुलिस द्वारा अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के उदेश्य से वांछित भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शिकंजा” के तहत सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है । पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले में पिछले करीब 18 वर्षों से फरार चल रहे वांछित भगोड़े आरोपी को पंजाब के मुक्तसर साहिब जिला के गिद्दड़बाहा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी दीपक सहारन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की तलाश में पुलिस पिछले दो दशकों से लगातार प्रयासरत थी । आरोपी अपनी पहचान और वेशभूषा बदलकर तथा बार-बार ठिकाने बदलकर कानून की गिरफ्त से बचता रहा, लेकिन आखिरकार पुलिस की सतर्कता और कड़ी मेहनत के चलते उसे दबोच लिया गया।
एसपी साहब ने बताया कि सदर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव को हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी । थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ लगातार मेहनत, तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी सुखबिंद्र सिंह उर्फ सुखा पुत्र जरनैल सिंह निवासी गिद्दड़बाहा, जिला मुक्तसर साहिब (पंजाब) को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्ष 2002 में आरोपी जिला सिरसा में सिपाही के पद पर तैनात था । आरोप है कि उसने कुछ अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर सुनियोजित षड्यंत्र के तहत पुलिस विभाग में एमटीओ के पद पर कार्यरत सहायक उप निरीक्षक सुबे सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को खुर्द-बुर्द करने की नीयत से नहर में फेंक दिया था ।
घटना के बाद सदर थाना सिरसा में हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने मामले में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था । आरोपी वर्ष 2008 में पैरोल पर बाहर आने के बाद वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया था । एसपी दीपक सहारन ने बताया कि आरोपी पंजाब में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था । उन्होंने बताया कि सदर थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सूराग जुटाते हुए भगौड़े आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया । उन्होंने कहा कि अपराध चाहे कितना भी पुराना क्यों न हो, कानून के लंबे हाथ आखिरकार अपराधी तक पहुंच ही जाते हैं।
एसपी साहब ने इस उपलब्धि के लिए सदर थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव और उनकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी निष्ठा, लगन और उत्कृष्ट कार्यशैली से पुलिस विभाग में अलग पहचान बनाई है। आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
