सिरसा पुलिस का नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार 4 तस्करों की 27 लाख की संपत्ति कुर्क
mahendra india news, new delhi
नशे का जहर बेचकर काली कमाई से संपत्ति खड़ी करने वाले तस्करों की अब खैर नहीं है। सिरसा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए 4 तस्करों की करीब 27 लाख 10 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करवाने की कार्रवाई की है। इनमें एक ट्रक और दो कारें एवं बाइक शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
एसपी दीपक सहारन ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि नशा तस्करी में संलिप्त लोगों की संपत्ति का पूरा ब्योरा जुटाया जाए। नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति को सक्षम प्राधिकारी के माध्यम से फ्रीज करवाकर तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ी जाए। पुलिस का मकसद नशे के धंधे पर लगाम लगाने के साथ युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करना भी है।
चारों नशा तस्करों की प्रॉप्रटी पर कसा शिकंजा
पुलिस के अनुसार, तलवाड़ा खुर्द निवासी मनदीप सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह के खिलाफ वर्ष 2025 में ऐलनाबाद थाना में दो क्विंटल 510 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामदगी का मामला दर्ज हुआ था। वहीं, गांव बणी के चंडीगढ़िया मोहल्ला निवासी कर्मजीत सिंह उर्फ कर्मू पुत्र निक्का सिंह के खिलाफ रानियां और ऐलनाबाद थाना में नशा तस्करी के पांच मामले दर्ज हैं। इसके अलावा गांव चौटाला निवासी भूपेंद्र सिंह पुत्र जोरावर सिंह के खिलाफ भी ऐलनाबाद थाना में नशा तस्करी के पांच मामले दर्ज हैं। जबकि शहर सिरसा के वार्ड नंबर 8 जंडीवाली गली निवासी औमप्रकाश पुत्र मनी राम के खिलाफ थाना शहर सिरसा में वर्ष 2023 से अबतक नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज होने पाए गए है । चारों आरोपी पेशेवर नशा तस्कर है,जो युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे है ।
पुलिस के मुताबिक, इन आरोपियों की संपत्ति का ब्यौरा जुटाकर नियमानुसार फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है। नशीले पदार्थों की तस्करी से संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया अपनाई है।
अब बेच नहीं सकेंगे संपत्ति
SIRSA SP दीपक सहारन ने बताया कि संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा गया था। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा 68एफ(2) के तहत संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी हुए हैं। संबंधित विभागों को नोटिस भी भेजे गए हैं। आदेशों के तहत फ्रीज संपत्ति को बेचना या हस्तांतरित करना संभव नहीं होगा।
नशे की कमाई का भी होगा हिसाब
SIRSA SP दीपक सहारन ने कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति का भी हिसाब जुटा रही है। नशे का कारोबार करने वालों को समय रहते गलत रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटना चाहिए। उन्होंने बताया कि सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए है कि अपने अपने थाना अधिकार क्षेत्र में नशे की काली कमाई से संपति अर्जित करने वालों की प्रॉप्रटी का ब्यौरा जुटाकर उनके खिलाफ भी कार्रवाई करें ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाऐ ।नशे के खिलाफ सिरसा पुलिस की मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।
