दीपावली पर्व पर सिरसा पुलिस का नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार, दो तस्करों की 37 लाख की संपत्ति फ्रीज
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
नशे का कारोबार कर काली कमाई से संपत्ति बनाने वाले तस्करों पर सिरसा पुलिस ने दीपावली के पर्व पर बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने महिला नशा तस्कर सहित दो तस्करों की करीब 37 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति फ्रीज कर दी है। इसमें महिला तस्कर सुदेश रानी का रिहायशी मकान और दूसरे तस्कर हीरा सिंह की स्विफ्ट कार शामिल है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशे का अवैध धंधा करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि बड़ागुढ़ा थाना पुलिस ने हीरा सिंह पुत्र प्रगट सिंह निवासी बड़ागुढ़ा की स्विफ्ट कार फ्रीज करवाई है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2019 से अब तक थाना बड़ागुढ़ा में नशा तस्करी के तीन मामले दर्ज हैं, जबकि वर्ष 2024 में सदर डबवाली थाने में भी एक मामला दर्ज हुआ था। आरोपी ने कार परिवार के अन्य सदस्यों के नाम करवा रखी थी।
इसी प्रकार शहर थाना पुलिस ने महिला नशा तस्कर सुदेश रानी पत्नी लक्ष्मण दास निवासी वार्ड नंबर 26, ढाणी तेजा सिंह, जिला सिरसा का रिहायशी मकान फ्रीज करवाया है। महिला के खिलाफ शहर सिरसा, सदर और रोड़ी थानों में नशा तस्करी के सात मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी पेशेवर नशा तस्कर हैं। एसपी ने बताया कि दोनों की संपत्ति का पूरा रिकॉर्ड जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं राजस्व विभाग, दिल्ली को भेजा गया था। इसके बाद एनडीपीए अधिनियम 1985 की धारा 68एफ(2) के तहत संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी हुए हैं।
अब इन संपत्तियों को बेचना या किसी दूसरे के नाम हस्तांतरित करना संभव नहीं होगा। एसपी दीपक सहारन ने साफ कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में नशे की काली कमाई से बनाई गई संपत्ति का पूरा ब्योरा जुटाएं। पुलिस अब तस्करों को पकड़ने के साथ उनकी आर्थिक कमर तोड़ने पर भी काम कर रही है। नशे की काली कमाई से अर्जित संपत्ति पर सिरसा पुलिस की पैनी नजर है। नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ना और उनके पूरे नेटवर्क को जड़ से ध्वस्त करना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। नशे के खिलाफ सिरसा पुलिस की यह मुहिम आगे भी लगातार जारी रहेगी।
