ऑपरेशन ट्रैकडाउन के तहत सिरसा पुलिस की अफीम तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, करीब 15 लाख रुपए की अफीम सहित तीन नशा तस्कर काबू*
सिरसा....... ऑपरेशन ट्रैकडाउन के अंतर्गत सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे महा अभियान के काफी सार्थक परिणाम सामने आ रहे हैं । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि सीआईए सिरसा व सीआईए ऐलनाबाद की पुलिस टीमों ने विभिन्न जगहों से करीब 15 लाख रुपए की 5 किलो 601 ग्राम अफीम बरामद कर तीन युवकों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है । उन्होंने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद की एक पुलिस टीम इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में गांव मल्लेकां से होते हुए सिरसा की तरफ आ रही थी ।
इस दौरान दो युवक अपने हाथों में प्लास्टिक के बैग लिए हुए सड़क के किनारे जा रहे थे । पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर उक्त युवकों को रूकने के लिए कहा तो युवकों ने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वहां से भागने का प्रयास किया । शक के आधार पर पुलिस पार्टी ने दोनों युवकों को काबू कर भागने का कारण पूछा तो दोनों युवकों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया । पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में प्लास्टिक बैग की तलाशी ली तो आरोपी सुनील कुमार पुत्र देवीलाल निवासी गांव मल्लेकां के कब्जा से 2 किलो 746 ग्राम अफीम बरामद हुई ।
जबकि दूसरे आरोपी लखविंदर सिंह उर्फ छिंदा पुत्र हरदेव सिंह निवासी मल्लेकां की तलाशी ली तो उसके कब्जा से 200 ग्राम अफीम बरामद हुई। वहीं एक अन्य घटना में सीआईए सिरसा प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गांव मल्लेकां में मौजूद थी । इस दौरान पुलिस जब गांव में से होकर गुजर रही थी तो एक घर के सामने एक युवक अपने हाथ में प्लास्टिक बैग लेकर बैठा था और पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक भागने लगा पुलिस पार्टी शक के आधार पर उक्त युवक को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्जा से 2 किलो 655 ग्राम अफीम बरामद हुआ ।
SIRSA पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिला पुलिस ने कुल 15 लाख रुपए का 5 किलो 601 ग्राम अफीम बरामद की है । उन्होंने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बतलाया कि उक्त अफीम पंजाब व राजस्थान से लेकर आए थे और उसे सिरसा,ऐलनाबाद आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जानी थी । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई है ।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर अफीम तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि नशा तस्करों का सिरसा जिला से पूर्ण सफाया करना ही हमारी पहली प्राथमिकता रहेगी । नशा तस्करों को किसी भी कीमत पर सिरसा जिला में पांव नहीं पसारने दिए जाएंगे । नशा तस्करों की असली जगह जेल में है ,इसलिए निसंकोच होकर नशे के सौदागरों की सूचना पुलिस को दें ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके ।
