सिरसा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पार्सल के जरिए डोडा चूरा पोस्त भेजने वाला मुख्य सप्लायर सोनीपत से गिरफ्तार
सिरसा पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार जिला सिरसा में नशा तस्करों के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने तथा नशा तस्करी की सप्लाई चेन को तोड़ने के उद्देश्य से सिरसा पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना शहर सिरसा की कीर्ति नगर पुलिस चौकी एवं हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीमों ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 88 किलो 500 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच कीर्ति नगर पुलिस चौकी द्वारा की जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर नशे की इस खेप के मुख्य सप्लायर तक पहुंच बनाई गई।आगे की कार्रवाई करते हुए कीर्ति नगर पुलिस चौकी ने पार्सल के माध्यम से डोडा चूरा पोस्त की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी रघुवीर उर्फ रूघा पुत्र करनैल सिंह निवासी जम्मू-कश्मीर, हाल किरायेदार टीडीआई फ्लैट्स, कुंडली, जिला सोनीपत को सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस चौकी इंचार्ज अशोक कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि सिरसा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है और किसी भी सूरत में जिले में नशे का कारोबार नहीं पनपने दिया जाएगा।सिरसा पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि नशा तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सिरसा पुलिस की यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
