home page

SIRSA जाट धर्मशाला में अज्ञात हथियारबंदों के आने से शहरवासी दहशत में: दिग्विजय सिंह चौटाला

 
Sirsa: Residents of the city are in panic due to the arrival of unidentified armed men at the Jat Dharamshala: Digvijay Singh Chautala
 | 
news

Mahendra india news, new delhi
सिरसा। युवा जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि बीते दिवस सिरसा की जाट धर्मशाला में कुछ हथियारबंद लोगों का आना और धर्मशाला के कमरों की तलाशी लेकर दीवार फांदकर फरार होने की घटना शहरवासियों के लिए भय का सबब है जिसकी पुलिस प्रशासन द्वारा जांच कर शहरवासियों के समक्ष सच्चाई लाई जानी चाहिए। वे शुक्रवार को बरनाला रोड स्थित चौटाला हाउस में मीडिया से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने इस दौरान बीते गुरुवार को अज्ञात लोगों के जाट धर्मशाला में घुसने की वीडियो भी मीडिया कर्मियों से सांझी की। उन्होंने कहा कि वीडियो में स्पष्ट नजर आ रहा है कि उपरोक्त अज्ञात लोगों में से दो के पास एके-47 है जबकि 1 के पास पिस्टल व 1 व्यक्ति के पास कार्बाईन है। उन्होंने कहा कि पिछले दो तीन दिनों के दौरान जिस प्रकार की घटनाएं सामने आई हैं कि किस प्रकार पुलिस गरीब लोगों की कनपटी पर बंदूक रखकर दहशत फैला रही है और किस प्रकार निहत्थे बच्चों पर दबिश देकर उन्हें परेशान कर रही है,

इससे पता चलता है कि सरकार के संरक्षण में ही पुलिस गुंडई कर रही है। अब सिरसा में भी अज्ञात हथियारबंदों का प्रमुख जाट धर्मशाला में घुसना, कमरों की तलाशी लेना और फिर दीवार फांदकर फरार होना, निश्चित ही सभी सिरसा शहर के लोगों के लिए खतरे का सूचक है। उन्होंने कहा कि विडियो फुटेज में यह भी नजर आ रहा है कि ये हमलावर जिन गाडिय़ों में आए थे, वे बगैर नंबर थी और उनके काले रंग के शीशे थे। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि बेशक जाट धर्मशाला के प्रबंधक की ओर से जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इस संदर्भ में शिकायत देकर जांच करने की मांग की है और उन्हें उम्मीद है कि सिरसा जिला पुलिस कप्तान इस सिलसिले में उचित कार्रवाई कर सच्चाई सबके सामने लाएंगे। उन्होंने कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी हरियाणा के डीजीपी से बात कर पूरे मामले की जांच के लिए कहा है।

दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि आधी रात को हथियारबंद लोगों के धर्मशाला में प्रवेश करने और अपनी कारगुजारी करने की इस घटना से प्रत्येक शहरवासी में भय का माहौल है और ऐसे में जिला पुलिस प्रशासन का नैतिक फर्ज है कि वह सच्चाई का पता लगाकर संबंधित अज्ञात लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करे। इस दौरान उन्होंने सिरसा के विधायक गोकुल सेतिया व सिरसा के अन्य सभी चारों हलकों के विधायकों से गुजारिश की कि वे भी इस संवेदनशील मुद्दे को आगामी 27 अप्रेल को हरियाणा विधानसभा में जोरशोर से उठाएं।

WhatsApp Group Join Now

इस मौके पर उन्होंने कहा कि 27 अप्रेल को हिसार में होने वाली छात्र महापंचायत के लिए लगभग सभी तैयारियां मुकम्मल हो चुकी हैं और इस महापंचायत में हरियाणा भर से लाखों की संख्या में छात्र, विभिन्न खापों के जनप्रतिनिधि व विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी शामिल होंगे और लोकतांत्रिक तरीके से न्याय प्राप्ति के लिए विचारों को रखेंगे। अरविंद केजरीवाल से मिलने के संदर्भ में उन्होंने कहा कि केजरीवाल के साथ उनके परिवार के पुराने ताल्लुकात हैं और उन्होंने अपना नया घर लिया है, इसलिए वे उनसे मिले थे। इसमें कोई राजनीति नहीं है। दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि उन्होंने केजरीवाल से इस महापंचायत के लिए समर्थन भी मांगा है जिसमें उन्होंने अपनी स्वीकृति दी है। इस मौके पर उनके साथ जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा, जिला कार्यालय प्रभारी हरिसिंह भारी, जिला प्रेस प्रवक्ता अमर सिंह ज्याणी, कार्यालय के सहसचिव कुलदीप जांगू व दीपक शर्मा भी मौजूद थे।