SIRSA ओएचएम सिने गार्डन में 11.61 लाख की हेराफेरी, पूर्व स्टोर मैनेजर पर FIR दर्ज
Mahendra india news, new delhi
सिरसा हिसार रोड स्थित ओएचएम सिने गार्डन से स्टॉक हेराफेरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ओएचएम प्रबंधन की शिकायत पर डिंग थाना पुलिस ने पूर्व स्टोर मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सामने आते ही व्यापारिक जगत में हड़कंप मच गया है।
मामले के अनुसार ओएचएम सिने गार्डन परिसर में संचालित एक स्टोर में करीब 11 लाख हज़ार के घरेलू सामान की गड़बड़ी पाई गई है। शिकायतकर्ता ओएचएम प्रबंधक प्रवीण कुमार ने पुलिस को बताया कि स्टोर के पूर्व मैनेजर अमरीक सिंह निवासी भावदीन ने नौकरी छोड़ने के बाद स्टॉक का पूरा हिसाब नहीं दिया। कंपनी द्वारा कराए गए ऑडिट के दौरान स्टोर रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की गई, जिसमें 407 पीस घरेलू सामान कम पाए गए।
इनकी अनुमानित कीमत 11 लाख 61 हज़ार 343 बताई जा रही है। अमरीक सिंह अक्टूबर 2022 से जनवरी 2025 तक स्टोर मैनेजर के पद पर कार्यरत था और पूरे स्टॉक की जिम्मेदारी उसी के पास थी। नौकरी छोड़ने के बाद जब स्टॉक का मिलान किया गया, तो यह बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया। प्रबंधन ने अमरीक से कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन न तो संतोषजनक जवाब मिला और बाद में उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा।
इसके बाद मजबूरन प्रबंधन को पुलिस का दरवाजा खटखटाना पड़ा। डिंग थाना पुलिस ने लिखित शिकायत के आधार पर अमरीक सिंह निवासी भावदीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब दस्तावेजों, स्टॉक रजिस्टर और ऑडिट रिपोर्ट की गहनता से जांच कर रही है।
