पट्टी कृपाल गांव में चलाया विशेष चेकिंग अभियान, अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई
mahendra india news, new delhi
जिला सिरसा के ब्लॉक ऐलनाबाद के अंतर्गत आने वाले गांव पट्टी कृपाल में आज जल संरक्षण को लेकर जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भीषण गर्मी के मौसम में पानी की किल्लत को रोकना और पेयजल की बर्बादी को थामना था।
अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई
अभियान के तहत विभाग की विशेष टीम ने गांव में घर-घर जाकर नलों की सघन चेकिंग की। निरीक्षण के दौरान जिन घरों और सर्विस स्टेशनों पर अवैध रूप से डबल कनेक्शन पाए गए, उन्हें मौके पर ही नोटिस जारी किए गए। विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि पानी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पानी बचाने की अपील
इस मौके पर विभाग की ओर से मुख्य रूप से मौजूद ब्लॉक रिसोर्स कोआर्डिनेटर (BRC) हरि सिंह भिड़ासरा ने ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, "गर्मी के इस सीजन में पानी की एक-एक बूंद कीमती है। सभी ग्रामीण पानी का सदुपयोग करें, नलों पर टोंटी लगाएं और इसे व्यर्थ बहने से रोकें।" उन्होंने ग्रामीणों को जल संरक्षण के तरीकों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
