विकसित भारत @2047” विषय पर राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
Mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा “विकसित भारत @2047” विषय पर एक राज्य स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों की कुल 17 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें सीआरएसयू, जींद तथा फतेह चंद कॉलेज, हिसार की टीमें भी शामिल रहीं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने राजनीति विज्ञान विभाग को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास में सहायक सिद्ध होती हैं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि यूआईटीडीसी के निदेशक प्रो. विक्रम सिंह ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि “विकसित भारत @2047 का लक्ष्य तभी साकार हो सकता है जब युवा वर्ग राष्ट्रीय विषयों पर तार्किक, जागरूक और लोकतांत्रिक संवाद में सक्रिय भूमिका निभाए। इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों में आलोचनात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिकता के गुणों का विकास करती हैं।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका डॉ. मधु कुमारी, सेवानिवृत्त प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय, डिंग , डॉ. वर्षा चौधरी, सेवानिवृत्त प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय, गोरिवाला तथा डॉ. गीता रानी, अध्यक्ष, रसायन विज्ञान विभाग, सीडीएलयू, सिरसा द्वारा निभाई गई। प्रतियोगिता में सीडीएलयू, सिरसा के विधि विभाग की टीम मंजीत एवं कृष शर्मा ने 23.9 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया।
CMK कॉलेज की दीक्षा बंसल एवं सेवा सिंह ने 22.9 अंक के साथ द्वितीय स्थान, जबकि एफसी कॉलेज, हिसार की कविता एवं हीना ने 20.6 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. राजबीर दलाल ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी महाविद्यालयों, निर्णायकों तथा विश्वविद्यालय प्रशासन का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
