home page

सिरसा में हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स का प्रदेश स्तरीय पांच दिवसीय 'ध्रुव पद शिविर' शुरू

 | 
State level five day long 'Dhruv Pad Camp' of Hindustan Scouts and Guides begins in Sirsa
mahendra india news, new delhi

 हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के तत्वावधान में सिरसा में प्रदेश स्तरीय 'ध्रुव पद शिविर' का आयोजन किया जा रहा है। उक्त जानकारी देते हुए हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स के जिला सचिव अमित मनहर ने बताया कि यह विशेष प्रशिक्षण शिविर 2 जून से शुरू होकर 6 जून तक सिरसा के जी डी गोयंनका पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जा रहा है। पांच दिनों तक चलने वाले इस शिविर में हरियाणा प्रदेश के जिलों के विभिन्न  विद्यालयों के स्काउट्स और गाइड्स पूरे उत्साह के साथ भाग ले रहे हैं।

2 जून 2026 को शिविर के उद्घाटन सत्र में सुभाष फुटेला जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा ने मुख्य अतिथि एवं कृष्ण कुमार वर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। 

जिला सचिव अमित मनहर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, जी डी गोयनका विद्यालय की प्रबंधक समिति एवं विभिन्न विद्यालयों से कैम्प में भाग लेने आये स्काउट्स एवं गाइडस और अध्यापकों का स्वागत किया और बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता की भावना को विकसित करना है।

मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने फ्लैग सेरेमनी करवा कर शिविर की शुरुआत की और बच्चों को देश सेवा तथा समाज कल्याण के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन कौशल, प्रबंधन, सहयोग एवं तालमेल के विषय में विस्तार से समझाया। 

WhatsApp Group Join Now

इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक कृष्ण कुमार वर्मा ने भी विशिष्ट अतिथि के रूप शिरकत की और विद्यार्थियों से आह्वान किया कि स्काउटिंग के महत्व को समझते हुए समाज सेवा एवं आपसी भाईचारे की भावना का विकास करना चाहिए और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ जीवन के लक्ष्य को प्राप्त करने का प्रयत्न करना चाहिए।

हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइडस के राज्य सचिव नवीन जयहिंद के मार्गदर्शन में इस पांच दिनों के दौरान स्काउट्स और गाइड्स को विभिन्न प्रकार के जीवन कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड), बिना बर्तन के भोजन बनाना, टेंट निर्माण, गांठ बांधना, मैपिंग और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रतिदिन सुबह योग व शारीरिक व्यायाम और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
शिविर के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्काउट्स और गाइड्स को प्रमाण पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह शिविर न केवल बच्चों को साहसी बनाएगा, बल्कि उन्हें समाज में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में उभरने में भी मदद करेगा।

इस अवसर पर जीडी गोयनका विद्यालय के चेयरमैन मुरारीलाल बंसल, प्रधान अजय शर्मा, सचिव कमल बंसल, प्रधानाचार्या डॉ राखी पुरी, शैक्षणिक समन्वयक किरण, जिला सचिव पानीपत विनोद वत्स, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त वीरेंद्र कुमार, कृष्ण सिवाच, सतपाल पारीक, जय सिंह, भानु प्रिया, बेअंत कौर, दीपक नेहरा, सुरेश शर्मा एवं कृष्ण जैन उपस्थित रहे।