SIRSA में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह आज, मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी होंगे मुख्यातिथि
Mahendra india news, new delhi
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के गौरवशाली 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर SIRSA चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में आठ मार्च रविवार को राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। समारोह में महिला सशक्तिकरण, उनके अधिकारों और समाज में उनके महत्वपूर्ण
योगदान की झलक दिखाई देगी। जिला प्रशासन द्वारा समारोह को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
SIRSA DC शांतनु शर्मा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण का प्रतीक है। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों को भी साझा किया जाएगा, ताकि महिलाओं को अपने अधिकारों और अवसरों के प्रति जागरूक किया जा सके।
SIRSA DC शांतनु शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों और प्रतिभागियों के लिए बैठने, पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, ताकि आने वाले सभी प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
समारोह में पहुंचने का यह रहेगा रूट
समारोह स्थल पर जाने के लिए चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) के गेट नंबर 2 (मिनी बाइपास) से प्रवेश कराया जाएगा। सभी वाहनों की एंट्री इसी गेट से होगी। बड़े वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था सीवी रमन भवन के पीछे तथा डॉ. अंबेडकर भवन के पास की गई है। वहीं, मीडिया प्रतिनिधियों व छोटे वाहनों के लिए अलग से पार्किंग आईटी सेंटर के सामने निर्धारित की गई है। समारोह को लेकर पुलिस विभाग द्वारा सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं।
