home page

दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिरसा में छात्र परिषद अलंकरण समारोह आयोजित

 | 
Student Council Investiture Ceremony Held at Delhi Public School, Sirsa

mahendra india news, new delhi
सिरसा। दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिरसा में छात्र नेतृत्व, अनुशासन एवं उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अलंकरण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि विजय सचदेवा, उप जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं मां सरस्वती के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समारोह के दौरान विद्यालय की नवगठित छात्र परिषद के पदाधिकारियों को बैज एवं सैश पहनाकर उनके दायित्व सौंपे गए।

इस अवसर पर वंश को हेड बॉय, अर्शिता को हेड गर्ल, पार्थ को डिप्टी हेड बॉय, जयति को डिप्टी हेड गर्ल, श्रेष्ठा को एडिटर, खुशबू को अकादमिक हेड, गर्वित को डिसिप्लिन हेड, आयान को को-करिकुलर हेड, सांची मित्तल को कल्चरल हेड, जशन को स्पोर्ट्स कैप्टन (बॉयज) तथा अगमजोत को स्पोर्ट्स कैप्टन (गर्ल्स) के पद पर अलंकृत किया गया। मुख्य अतिथि विजय सचदेवा ने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों को शपथ दिलाते हुए अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार का नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, समर्पण और उत्तरदायित्व का प्रतीक है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा एवं निष्पक्षता के साथ निर्वहन करने, विद्यालय की गरिमा बनाए रखने तथा अपने सद्आचरण से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया। विद्यालय की प्राचार्या रमा दहिया ने छात्र परिषद के सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियां विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता तथा निर्णय लेने की योग्यता को विकसित करने का श्रेष्ठ अवसर हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नव-निर्वाचित छात्र परिषद विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाते हुए प्रत्येक गतिविधि में उत्कृष्ट नेतृत्व प्रदान करेगी। समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।

WhatsApp Group Join Now