home page

सिरसा के जैन गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने भाई कन्हैया आश्रम में की सेवा, जरूरतमंदों की मदद कर सीखा इंसानियत और माता-पिता के महत्व का पाठ

 | 
Students from the Jain Girls School in Sirsa volunteered at the Bhai Kanhaiya Ashram; by helping those in need, they learned valuable lessons about humanity and the importance of parents

mahendra india news, new delhi
सेवा, संवेदना और मानवता के संस्कार विद्यार्थियों में विकसित करने के उद्देश्य से सेठ सागरमल सुराना जैन गर्ल्स सीनियर सैकेंडरी स्कूल, सिरसा की गाइडिंग टीम ने भाई कन्हैया आश्रम का सेवाभावी भ्रमण किया। इस अवसर पर छात्राओं एवं शिक्षकों ने आश्रम में जरूरतमंद लोगों को पुराने वस्त्र, भोजन एवं अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की। छात्राओं ने वहां रह रहे लोगों की परिस्थितियों को करीब से समझा और जीवन के प्रति एक नया दृष्टिकोण प्राप्त किया। इस भ्रमण का सबसे भावुक पहलू माता-पिता के महत्व को समझना रहा। छात्राओं ने महसूस किया कि जिस प्रकार बच्चों को माता-पिता के प्यार और सहारे की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार माता-पिता को भी अपने बच्चों के प्रेम, समय और साथ की जरूरत होती है।

आश्रम का वातावरण देखकर सभी भावुक हो उठे और अपने माता-पिता के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना और गहरी हुई। आश्रम में लिखी दो पंक्तियों ने सभी को विशेष रूप से प्रभावित किया, दिखने वाले परमात्मा के बनाए इंसान से प्रेम नहीं करोगे, तो न दिखने वाले ईश्वर से कैसे करोगे? लोग मुझे मजहबों में ढूंढते हैं, मैं तो इंसानियत में बसता हूं। इन विचारों ने छात्राओं को समझाया कि जरूरतमंद की सहायता करना, किसी दुखी व्यक्ति का सहारा बनना और हर इंसान के प्रति प्रेम रखना ही सच्ची इंसानियत है। इस भ्रमण का आयोजन सेठ सागरमल सुराना चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टी देवेंद्र डागा एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या रेनू बाला के मार्गदर्शन एवं सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर शिक्षिका साक्षी, अर्चना एवं जयन्ती भी छात्राओं के साथ उपस्थित रहीं। ट्रस्टी देवेंद्र डागा एवं प्रधानाचार्या रेनू बाला ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संवेदनशील, जिम्मेदार और संस्कारी नागरिक बनाना भी है। ऐसे अनुभव बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह भ्रमण छात्राओं के लिए एक यादगार अनुभव रहा। वे आश्रम से अपने माता-पिता के प्रति सम्मान, जरूरतमंदों की सहायता और जीवन में मानवता एवं सेवा को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा लेकर लौटीं।
 

WhatsApp Group Join Now