home page

सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मिलेगा NEET-JEE की तैयारी का मौका, मिशन बुनियाद और सुपर-100 के लिए आवेदन शुरू

 | 
Students in government schools will get the opportunity to prepare for NEET-JEE; applications for 'Mission Buniyaad' and 'Super-100' have begun

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के सपनों को दिशा देने, उनकी प्रतिभा को निखारने और भविष्य की मजबूत नींव रखने का सशक्त माध्यम है। इसी उद्देश्य को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू), सिरसा के सामुदायिक रेडियो स्टेशन FM 90.4  ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी शैक्षणिक योजनाओं ‘मिशन बुनियाद’ और ‘हरियाणा सुपर-100’ (सत्र 2027-28) पर विशेष जागरूकता साक्षात्कार प्रसारित किया। कार्यक्रम में तकनीकी सहयोग दर्शन कुमार ने किया।


विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्रोफेसर एवं कार्यक्रम के होस्ट प्रोफेसर अमित सांगवान ने जिला विज्ञान विशेषज्ञ एवं दोनों योजनाओं के जिला नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार के साथ विस्तृत संवाद किया। सीडीएलयू  के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तक इन योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा उन्हें उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।
 

स्कूली शिक्षा है उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी
कार्यक्रम के होस्ट प्रो. अमित सांगवान ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी के उज्ज्वल भविष्य की नींव उसके स्कूल के दिनों में ही रखी जाती है। सरकारी विद्यालय न केवल शिक्षा प्रदान करने के केंद्र हैं, बल्कि ग्रामीण और साधारण परिवारों की प्रतिभाओं को पहचानने एवं उन्हें आगे बढ़ाने के महत्वपूर्ण मंच भी हैं। यदि विद्यार्थियों को स्कूली स्तर पर सही मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुकूल वातावरण मिले, तो वे किसी भी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘मिशन बुनियाद’ और ‘हरियाणा सुपर-100’ जैसी योजनाएं सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को समान अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन योजनाओं के माध्यम से आर्थिक और संसाधन संबंधी सीमाओं के बावजूद प्रतिभाशाली विद्यार्थी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं।

WhatsApp Group Join Now


सामुदायिक रेडियो: शिक्षा और समाज के बीच मजबूत सेतु
डॉ. सांगवान ने सामुदायिक रेडियो की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सामुदायिक रेडियो केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, सूचना, जागरूकता और सामाजिक बदलाव का प्रभावी मंच है। विश्वविद्यालय प्रशासन  का प्रयास है कि विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों और सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
उन्होंने कहा कि रेडियो की सहज पहुंच, सरल भाषा और स्थानीय जुड़ाव इसे विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और ग्रामीण समुदाय के लिए विशेष रूप से उपयोगी बनाते हैं। इस प्रकार के संवादात्मक कार्यक्रमों से न केवल योजनाओं की सही जानकारी मिलती है, बल्कि विद्यार्थियों और अभिभावकों की शंकाओं का समाधान भी होता है। सामुदायिक रेडियो शिक्षा के क्षेत्र में जागरूकता पैदा करने के साथ-साथ समाज और शिक्षण संस्थानों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन सकता है।


मिशन बुनियाद और सुपर-100 से मिलेगी प्रतिभाओं को नई उड़ान
साक्षात्कार में डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार  की  पहल पर ‘मिशन बुनियाद’ के अंतर्गत कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों को कक्षा नौवीं और दसवीं के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मजबूत शैक्षणिक आधार प्रदान किया जाता है।वहीं, ‘हरियाणा सुपर-100’ योजना के अंतर्गत कक्षा दसवीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नीट और JEE जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवासीय सुविधाओं के साथ निःशुल्क उच्च स्तरीय कोचिंग उपलब्ध करवाई जाती है।उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछली कक्षा में 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण अनिवार्य है, जबकि इससे कम अंक प्राप्त करने वाले इच्छुक विद्यार्थी भी स्वेच्छा से आवेदन कर सकते हैं।

 

स्कूलों में जागरूकता अभियान, 8 दिसंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम
डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि जिले के सभी सरकारी मिडिल, हाई और सीनियर सेकेंडरी विद्यालयों में 5 नवंबर से जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला के निर्देशन  में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 8 दिसंबर 2026 को भव्य जिला स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पूर्व वर्षों में चयनित सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और विद्यालय प्राचार्यों को सम्मानित किया जाएगा, ताकि उनकी सफलता की कहानियां वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन सकें।डॉ. मुकेश कुमार ने जानकारी दी कि दोनों योजनाओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 5 नवंबर 2026 से शुरू हो चुका है। इच्छुक विद्यार्थी वेबसाइट registration.buniyaadhry.com के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

 

प्रतिभा को अवसर मिले तो सफलता निश्चित है
कार्यक्रम के अंत में डॉ. मुकेश कुमार ने सभी पात्र विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रमुखों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर दोनों योजनाओं के लिए अलग-अलग पंजीकरण करवाएं तथा प्रवेश परीक्षाओं में अनिवार्य रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी संसाधन या आर्थिक स्थिति की मोहताज नहीं होती। उचित मार्गदर्शन, निरंतर मेहनत और अवसर मिलने पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी देश की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं।