home page

सिरसा में पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह और नशामुक्ति के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक

 | 
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी ने

mahendra india news, new delhi
चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कंवरपुरा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, शेरपुरा में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण, बाल अधिकारों तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह रोकथाम, नशे के दुष्प्रभावों और जरूरतमंद बच्चों के पुनर्वास से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के चेयरमैन डॉ. मदनलाल, अनिल कुमार, भावना शर्मा और निधि मेहता ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से सहायता लेने तथा अपने आसपास होने वाली बाल विवाह जैसी घटनाओं के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के चेयरमैन डॉ. मदनलाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों, बच्चों को यौन शोषण से बचाने तथा किसी भी प्रकार के शोषण की स्थिति में उचित सहायता प्राप्त करने के बारे में बताया गया। इसके साथ ही बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई को रोकने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने नशे की गिरफ्त में आए बच्चों को उचित मार्गदर्शन, परामर्श, उपचार और पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी जोर दिया।

भावना शर्मा ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को समय पर सही मार्गदर्शन और सहयोग देकर उन्हें शोषण, बाल विवाह तथा नशे जैसी समस्याओं से बचाया जा सकता है।

निधि मेहता ने कार्यक्रम में जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, देखभाल और पुनर्वास में सहायता प्रदान करने वाली स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाओं का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाना है, ताकि वे अपनी शिक्षा जारी रख सकें और सुरक्षित वातावरण में अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।