डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल SIRSA के विद्यार्थियों ने किया जिले का नाम रोशन
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
सिरसा डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों ने अंतर्राष्ट्रीय गीता संवाद प्रतियोगिता में राज्यस्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे सिरसा जिले को गौरवान्वित किया है। इस अद्वितीय उपलब्धि ने विद्यालय की श्रेष्ठ शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को एक बार फिर सिद्ध किया है। विद्यालय के प्राचार्य नरेंद्र सिंह दहिया ने इस उल्लेखनीय सफलता पर विद्यार्थियों,
उनके अभिभावकों एवं सम्पूर्ण विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि बच्चों का यह प्रदर्शन विद्यालय के अनुशासित वातावरण, नैतिक मूल्यों तथा सतत प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कारों से जोडऩे का कार्य करता है और यह उपलब्धि उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विद्यालय के संस्कृत शिक्षक बलजिन्द्र कुमार, जिन्होंने विद्यार्थियों को संवाद कला में निपुण बनाया, ने बताया कि प्रतियोगिता तीन चरणों खंड स्तर, जिला स्तर और राज्य स्तर पर आयोजित हुई थी। विद्यार्थियों ने खंड स्तर पर प्रथम स्थान, जिला स्तर पर तृतीय स्थान और अंतत: राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान अर्जित किया। उन्होंने यह भी बताया कि पिछले दो वर्षों से विद्यार्थी राज्यस्तर पर सांत्वना पुरस्कार प्राप्त कर रहे थे,
परंतु इस बार विशेष परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ 66 टीमों में से उत्कृष्ट प्रदर्शन कर दूसरा स्थान हासिल किया। प्राचार्य दहिया ने आगे कहा कि विद्यालय निरंतर इस बात के लिए प्रयासरत है कि हमारे विद्यार्थी तकनीकी प्रगति की ओर अग्रसर होते हुए भी भारतीय संस्कृति और नैतिक आदर्शों से जुड़े रहें। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा सांस्कृतिक गौरव का संचार करती हैं। यह उपलब्धि निश्चित रूप से जिले और विद्यालय दोनों के लिए प्रेरणास्रोत है।
