सीडीएलयू के टेक्नोवर्स-2026 में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, दीपांशु शर्मा ने जीता पहला स्थान
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के कंप्यूटर साइंस विभाग की ओर से आयोजित टेक्नोवर्स-2026 में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं से सजे इस आयोजन में दीपांशु शर्मा ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनकी इस उपलब्धि पर विभाग में खुशी का माहौल रहा और शिक्षकों व सहपाठियों ने उन्हें बधाई दी।
डीन प्रोफेसर मोहम्मद काशिफ किदवई के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापिका सुमन कुमारी ने किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, नवाचार और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच प्रदान करना था। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से विभिन्न विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। इसमें दीपांशु शर्मा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि हितेश द्वितीय और नाज तृतीय स्थान पर रहे।
इसी प्रकार रंगोली प्रतियोगिता में टीम साजिद ने प्रथम, टीम खुशी ने द्वितीय तथा टीम जसप्रीत ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं पीपीटी क्रिएशन प्रतियोगिता में राजदीप ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. प्रतीक सिंह, डॉ. साक्षी शर्मा, नीलम, मीनाक्षी अरोड़ा, नवनीत कौर और पूजा बराड़ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दीपांशु शर्मा की सफलता को उनकी मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच का परिणाम बताया गया। टेक्नोवर्स-2026 जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने, नए विचारों को अभिव्यक्त करने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
